छात्रावासों में रिक्त सीटें शीघ्र भरने के निर्देश, मुख्यमंत्री सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना के व्यापक प्रचार पर जोर
जहानाबाद।
समाहरणालय में सोमवार को जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उनके प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।
जिला पदाधिकारी ने डॉ. भीमराव आंबेडकर कल्याण छात्रावास में रिक्त सभी सीटों को जल्द भरने का निर्देश दिया, ताकि पात्र छात्र-छात्राओं को समय पर छात्रावास की सुविधा मिल सके। साथ ही जिला मुख्यालय में प्रस्तावित सावित्रीबाई फुले बालिका छात्रावास के निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को विभाग से समन्वय स्थापित कर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने का निर्देश दिया।
बैठक में मुख्यमंत्री सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी विशेष जोर दिया गया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि अधिक से अधिक पात्र अभ्यर्थियों तक योजना की जानकारी पहुंचाई जाए, जिससे वे इसका लाभ उठा सकें।
इसके अलावा महादलित टोलों में सामुदायिक भवन-सह-वर्कशेड निर्माण के लिए विकास मित्रों के माध्यम से उपयुक्त भूमि का शीघ्र चिन्हांकन कराने, संबंधित अंचलाधिकारी से अनापत्ति प्रमाण-पत्र प्राप्त कर विभाग को प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति समुदायों के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक सशक्तिकरण से जुड़ी सभी योजनाओं का पारदर्शी, प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ आसानी से पहुंच सके।
बैठक में जिला कल्याण पदाधिकारी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।