Ambala Media:"
रक्तदान सबसे बड़ा महादान: अनिल विज
हर रक्तदाता को अच्छी डाइट के लिए 1100-1100 रुपये देने की घोषणा
अम्बाला छावनी, 8 सितम्बर। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि रक्तदान सभी दानों में सबसे बड़ा महादान है। रक्त का कोई विकल्प नहीं है और इसकी पूर्ति केवल मानव शरीर से ही संभव है। उन्होंने जीएमएन कॉलेज, अम्बाला छावनी में पंजाब केसरी समूह द्वारा अमर शहीद लाला जगत नारायण की 45वीं पुण्यतिथि पर आयोजित रक्तदान शिविर में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
इस अवसर पर मंत्री अनिल विज ने शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को अच्छी एवं पौष्टिक डाइट के लिए अपने स्वैच्छिक कोष से 1100-1100 रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने रक्तदाताओं को बैज, प्रशंसा पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित भी किया।
अनिल विज ने कहा कि विज्ञान ने बहुत तरक्की कर ली है। गाड़ियां, कारखाने, रॉकेट और अंग प्रत्यारोपण जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं, लेकिन आज तक ऐसी कोई प्रयोगशाला नहीं बनी जहां रक्त की एक बूंद तैयार की जा सके। रक्त केवल मानव शरीर में बनता है और रक्तदान से किसी जरूरतमंद की जान बचाई जा सकती है।
उन्होंने कहा कि समाज और सृष्टि से हम जीवनभर बहुत कुछ लेते हैं। इस कर्ज को उतारने का सबसे बेहतर माध्यम रक्तदान है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक रक्तदान करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान करने से कमजोरी नहीं आती और शरीर थोड़े समय में रक्त की पूर्ति कर लेता है।
लाला जगत नारायण की पत्रकारिता को किया याद
अनिल विज ने अमर शहीद लाला जगत नारायण को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में भाग लिया और करीब नौ वर्ष जेल में रहे। आजादी के बाद विधायक एवं सांसद रहते हुए उन्होंने सच्चाई को जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से पंजाब केसरी समूह की नींव रखी।
उन्होंने कहा कि पंजाब में आतंकवाद के दौर में भी लाला जगत नारायण की कलम सच लिखने से नहीं रुकी। दबाव और धमकियों के बावजूद उन्होंने पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। उनकी शहादत की स्मृति में आयोजित रक्तदान शिविर समाजसेवा की सच्ची मिसाल है।
जीएमएन कॉलेज में युवाओं के लिए नए अवसर
विज ने जीएमएन कॉलेज की प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि कॉलेज में नर्सिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सहित अनेक प्रोफेशनल कोर्स चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज एआई का दौर है और युवाओं में इस क्षेत्र से जुड़े पाठ्यक्रमों को लेकर काफी रुचि है। कॉलेज द्वारा समय के अनुरूप शिक्षा उपलब्ध करवाना सराहनीय है।
इस अवसर पर कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. रोहित दत्त, मैनेजमेंट कमेटी के प्रधान डॉ. गुरदेव सिंह, महासचिव अजय अग्रवाल, एडवोकेट डी.एस. माथुर, जसवंत जैन, डॉ. राकेश कुमार, ब्रिगेडियर राहुल त्रेहन, भारती महेंद्ररू, अजय बवेजा, बीएस बिंद्रा, आशीष अग्रवाल, ब्यूरो चीफ बलराम सैनी, आलोक गुप्ता, दीपक भसीन, अनिल बहल, अनुज यादव, आशीष सभ्रवाल, पत्रकार मनीष कुमार, फोटोग्राफर चंद्रमोहन, पंजाब केसरी से विशाल सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Ambala, Ambala | Sep 9, 2026