हरसौरा के नारोल में बहरोड के रोड़वाल निवासी रिटायर्ड सीआरपीएफ व पूर्व सरपंच की पत्नी व ANM के बीच हाथापाई, पति को लेकर हुआ विवाद .....
हरसौरा। क्षेत्र के गांव नारोल स्थित उप स्वास्थ्य केन्द्र पर सोमवार दोपहर करीब 12 बजे हंगामे की स्थिति बन गई। सूचना के अनुसार, रोडवाल (बहरोड़) निवासी यशवंत मेघवाल (53), जो सीआरपीएफ से सेवानिवृत्त हैं तथा पूर्व सरपंच रह चुके हैं, उप स्वास्थ्य केन्द्र के एक कमरे में कच्छे और बनियान में सोते हुए पाए गए। इसके बाद मौके पर विवाद खड़ा हो गया।
थानाधिकारी जनमेजा राम ने बताया कि उप स्वास्थ्य केन्द्र पर कार्यरत एएनएम ने पुलिस को सूचना दी कि एक महिला और एक युवक उसके साथ झगड़ा कर रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
यशवंत की पत्नी ने बताया कि उनके पति उनसे दूरी बनाकर रखते हैं और बातचीत नहीं करते। शक होने पर उन्होंने अपने पुत्र के साथ उनका पीछा किया। नारोल स्थित उप स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचने पर उन्होंने यशवंत को एक कमरे में सोते हुए पाया, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान एएनएम और यशवंत की पत्नी के बीच कहासुनी के बाद हाथापाई भी हुई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
वहीं एएनएम ने पुलिस को बताया कि वह यशवंत की गाड़ी किराए पर लेकर उप स्वास्थ्य केन्द्र आई थी।
घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में हुई इस घटना पर नाराजगी जताई। इस मामले को लेकर ग्रामवासियों में रोष व्याप्त है और वे पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराया। थानाधिकारी जनमेजा राम ने बताया कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए यशवंत मेघवाल को शांतिभंग की आशंका में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Behror, Alwar | Jun 2, 2026