फतहसागर पाल पर आधुनिक पर्यटक बूथ का शुभारंभ, पर्यटकों की सुरक्षा के लिए 24 पेट्रोलिंग टीमें तैनात
एसपी डॉ. अमृता दुहन ने किया उद्घाटन, उदयपुर के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सक्रिय हैं 7 पर्यटक बूथ
उदयपुर। झीलों की नगरी उदयपुर में देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधा को बेहतर बनाने के लिए उदयपुर पुलिस ने एक और पहल की है। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने शुक्रवार, 16 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे फतहसागर पाल पर नवनिर्मित सर्वसुविधायुक्त पर्यटक बूथ का शुभारंभ किया।
नए पर्यटक बूथ पर पर्यटक पुलिस का जाब्ता तैनात रहेगा। यहां पर्यटकों को शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ही किसी भी प्रकार की समस्या होने पर त्वरित सहायता प्रदान की जाएगी।
शहर में 7 पर्यटक बूथ सक्रिय
उदयपुर के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर वर्तमान में कुल 7 पर्यटक बूथ सक्रिय हैं। इनमें सहेलियों की बाड़ी, फतहसागर मोती मगरी गेट, सुखाड़िया सर्कल, गुलाब बाग, दूधतलाई, रानी रोड और फतहसागर पाल शामिल हैं। इसके अलावा पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 24 पर्यटक पेट्रोलिंग टीमें शहर के प्रमुख स्थलों पर लगातार गश्त कर रही हैं।
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
पर्यटक बूथ के शुभारंभ समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) उमेश ओझा, पुलिस उप अधीक्षक (नगर पश्चिम) राजेश यादव, पुलिस उप अधीक्षक (नगर पूर्व) छवि शर्मा सहित शहर के विभिन्न थानों के थानाधिकारी और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस की इस पहल से उदयपुर घूमने आने वाले पर्यटकों को पर्यटन स्थलों की जानकारी, सुरक्षा और जरूरत पड़ने पर त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।