दीपावली तक केबल भूमिगत करें ऑपरेटर, अन्यथा नगर निगम करेगा सख्त कार्रवाई।
महापौर, आयुक्त ने केबल ऑपरेटरों को दिए अंतिम निर्देश।
उदयपुर। शहर की सुंदरता को बनाए रखने और सड़कों पर लटकते केबल तारों से मुक्ति दिलाने के उद्देश्य से नगर निगम महापौर पारस सिंघवी एवं आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बुधवार को नगर निगम के मिनी बैठक हॉल में केबल ऑपरेटरों की बैठक ली। बैठक में शहर के प्रमुख केबल ऑपरेटरों के साथ अधिशासी अभियंता रितेश पटीदार, पुलिस निरीक्षक मांगीलाल डांगी सहित निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में आयुक्त अभिषेक खन्ना ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर की सुंदरता बिगाड़ रहे लटकते केबल तारों को दीपावली तक अनिवार्य रूप से भूमिगत किया जाए। विशेष रूप से पुराने शहर के क्षेत्र जहां स्मार्ट सिटी के अंतर्गत विकसित 17 वार्डों में बनाई गई भूमिगत डक्ट में सभी केबल ऑपरेटर अपने केबल तार डालें। निर्धारित समय सीमा तक केबल भूमिगत नहीं करने पर दीपावली के अगले दिन से निगम द्वारा बिना किसी अतिरिक्त नोटिस या सूचना के कार्रवाई प्रारंभ कर दी जाएगी। इस दौरान केबल ऑपरेटर को होने वाले नुकसान की जिम्मेदारी संबंधित ऑपरेटर की ही होगी।आयुक्त ने बताया कि बीएसएनएल एवं अन्य टेलीफोन कंपनियों के साथ बैठक कर उनके अनुपयोगी पोल हटाने के निर्देश पहले ही दिए जा चुके हैं। पोल हटने के बाद उन पर लटके केबल तार भी प्रभावित होंगे। निगम द्वारा पिछले तीन वर्षों से केबल ऑपरेटरों को नोटिस देकर तार भूमिगत करने के लिए कहा जा रहा है, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार शहर की सुंदरता बिगाड़ने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
बैठक में महापौर पारस सिंघवी ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य किसी भी केबल ऑपरेटर या व्यापारी को नुकसान पहुंचाना नहीं, बल्कि उदयपुर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाना है। शहर के प्रमुख मार्गों पर झूलते तार पर्यटकों और शहरवासियों के बीच गलत संदेश दे रहे हैं, इसका उलाहना निगम को उठाना पड़ता है। कई केबल ऐसी भी हैं, जो लंबे समय से अनुपयोगी पड़ी हैं, फिर भी उन्हें हटाया नहीं जा रहा है जो कि सरासर गलत है।
महापौर ने ऑपरेटरों से कहा कि जिन क्षेत्रों में भूमिगत डक्ट या पाइपलाइन उपलब्ध नहीं है, वहां की समस्या लिखित रूप में नगर निगम को बताएं, ताकि उसका समाधान निकाला जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि केबल ऑपरेटरों के साथ-साथ निजी टेलीफोन कंपनियों और संबंधित एजेंसियों को भी व्यवस्था सुधारने के लिए पाबंद किया गया है। महापौर पारस सिंघवी ने सभी केबल ऑपरेटरों से दीपावली तक आवश्यक कार्य पूरा कर शहर को सुंदर बनाने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि निगम द्वारा व्यापारियों, होटल संचालकों और अन्य संबंधित पक्षों के साथ भी बैठकें आयोजित की जा रही हैं, ताकि सामूहिक प्रयासों से उदयपुर को व्यवस्थित और आकर्षक बनाया जा सके।
महापौर के निर्देश पर आयोजित हुई बैठक।
नगर निगम द्वारा शहर में लटक रहे केवल तारों के खिलाफ कार्यवाही आरंभ की जा रही थी जिसकी सूचना महापौर पारस सिंघवी को मिली। सूचना प्राप्त होने पर महापौर सिंघवी ने संबंधित अधिकारी कर्मचारियों को एक बार अंतिम बैठक आयोजित कर केबल ऑपरेटर को मौका देने के निर्देश दिए। इस पर निगम आयुक्त द्वारा केवल ऑपरेटर के साथ बैठक का आयोजन किया गया। महापौर ने कहा कि किसी का नुकसान करना हमारा उद्देश्य नहीं है हम सभी एक टीमवर्क के साथ शहर को सुंदर बनाएं ऐसी सभी की मंशा है।