प्रेस विज्ञप्ति
भोजपुर जिले में 27 पंचायतों एवं 07 नगर निकाय क्षेत्रों में आयोजित हुए सहयोग शिविर
जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान को लेकर पदाधिकारियों ने दिए आवश्यक निर्देश
आरा, 06 अक्टूबर 2026।
बिहार सरकार के जनकल्याणकारी अभियान “सबका सम्मान, जीवन आसान” के तहत भोजपुर जिले के सभी 14 प्रखंडों की 27 पंचायतों एवं 07 नगर निकाय क्षेत्रों में आज दिनांक 06 अक्टूबर 2026 को सहयोग शिविरों का आयोजन किया गया।
सहयोग शिविरों में जिले के वरीय पदाधिकारियों द्वारा विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर शिविर की व्यवस्थाओं एवं प्राप्त आवेदनों की स्थिति का जायजा लिया गया। इस दौरान आम नागरिकों द्वारा विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं, शिकायतों एवं योजनाओं के लाभ हेतु आवेदन प्रस्तुत किए गए। पदाधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर तत्परता से कार्रवाई करते हुए समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिले के विभिन्न प्रखंडों की 27 पंचायतों में 1007 तथा 07 नगर निकाय क्षेत्रों को मिलाकर कुल 1307 आवेदन प्राप्त हुवे। सहयोग शिविरों के माध्यम से बड़ी संख्या में नागरिकों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही, योजनाओं के लिए पात्र लाभुकों को लाभान्वित करने तथा प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों के निराकरण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की गई।
निरीक्षण के दौरान वरीय पदाधिकारियों ने निर्देश दिया कि शिविरों में प्राप्त सभी आवेदनों का शीघ्र डिजिटाइजेशन कराते हुए उनकी विभागवार समीक्षा एवं निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा पात्र लाभुकों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने पर विशेष जोर दिया गया।
जिला प्रशासन, भोजपुर द्वारा जिलेवासियों से अपील की गई है कि वे सहयोग शिविरों में सक्रिय सहभागिता करते हुए अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत करें तथा पात्रता के अनुसार सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।
@iprdbihar
5 views | Bhojpur, Bihar | Oct 6, 2026