सीतामढ़ी में 141 ASI बने दारोगा, पिपिंग समारोह में कंधों पर सजे स्टार
सीतामढ़ी। पुलिस केंद्र स्थित आनंद भवन में शनिवार को आयोजित पिपिंग समारोह में सीतामढ़ी जिले के 141 सहायक पुलिस अवर निरीक्षकों (ASI) को प्रोन्नति के बाद पुलिस अवर निरीक्षक (SI) के पद पर अलंकृत किया गया। समारोह के दौरान प्रोन्नत पुलिस पदाधिकारियों के कंधों पर स्टार लगाकर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने सभी प्रोन्नत पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए पूर्ण निष्ठा, अनुशासन और कर्तव्यपरायणता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। उन्होंने आमजन के प्रति संवेदनशील एवं शालीन व्यवहार बनाए रखने पर भी जोर दिया।
एसपी अमित रंजन ने विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण तथा गुणवत्तापूर्ण एवं वैज्ञानिक अनुसंधान पर विशेष बल देते हुए प्रोन्नत पदाधिकारियों से नई जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी प्रतिबद्धता के साथ करने का आह्वान किया।
समारोह में पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित), परिचारी प्रवर सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।