वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और सशक्तीकरण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम
बुनियाद केंद्रों पर 57 लाभार्थियों को योजनाओं की दी गई जानकारी, उपहार देकर किया सम्मानित
सीतामढ़ी, 26 सितंबर। समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार के निर्देश के आलोक में अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत जिले के विभिन्न बुनियाद केंद्रों पर वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सशक्तीकरण एवं जागरूकता को लेकर एक दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान 57 वरिष्ठ नागरिक लाभार्थियों को अटल वयो अभ्युदय योजना के उद्देश्यों के साथ-साथ उनके अधिकारों, स्वास्थ्य सुविधाओं, आश्रय, भोजन, सामाजिक सुरक्षा एवं सरकार की ओर से संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों को उपहार देकर सम्मानित भी किया गया।
25 सितंबर को आयोजित कार्यक्रम के बाद 26 सितंबर को बुनियाद केंद्र, पुपरी एवं बुनियाद केंद्र, बेलसंड में भी जागरूकता एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित हुए। दोनों केंद्रों पर मौजूद वरिष्ठ नागरिकों को योजना के प्रावधानों और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा लाभार्थियों को उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सहायक निदेशक, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण कोषांग, सीतामढ़ी, सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, सीतामढ़ी, जिला प्रबंधक, बुनियाद केंद्र सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को गरिमापूर्ण एवं सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराने, उनके स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने तथा समाज में उनके प्रति सम्मान और संवेदनशीलता की भावना बढ़ाने का संदेश दिया गया। जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा पात्र वरिष्ठ नागरिकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।