प्रभारी मंत्री सहित सांसद और जिलाध्यक्ष अचानक सपा नेता मुन्नू बाबू के घर पहुंचे,गले मिल गर्मजोशी से स्वागत, राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ी
जनपद में शुक्रवार को उस समय राजनीतिक सरगर्मियां अचानक बढ़ गईं, जब जिले के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह, सांसद मुकेश राजपूत और भाजपा जिला अध्यक्ष फतेह चंद्र वर्मा के साथ अचानक समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व सांसद चंद्रभूषण सिंह उर्फ मुन्नू बाबू के भोलेपुर स्थित आवास पर पहुंच गए।
सपा के पूर्व सांसद मुन्नू बाबू और उनके बेटे सौरभ राठौर ने बेहद गर्मजोशी के साथ सभी भाजपा नेताओं का स्वागत किया। इस दौरान पूर्व सांसद मुन्नू बाबू और भाजपा सांसद मुकेश राजपूत ने एक-दूसरे को गले लगाया, जिससे सियासी गलियारों में रिश्तों की नई गर्माहट साफ महसूस की गई। दोनों वरिष्ठ नेताओं के बीच लगभग 20 मिनट तक विभिन्न मुद्दों पर बंद कमरे में वार्ता हुई।
इस महत्वपूर्ण सियासी मुलाकात के दौरान पूर्व मंत्री व भाजपा नेता नरेंद्र सिंह यादव के बेटे सचिन सिंह यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष रूपेश गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह राजावत,पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ प्रदेश सह संयोजक वीरेंद्र सिंह राठौड़, भाजपा नेता शंकर सिंह और करणी सेना के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप सिंह, जिला पंचायत सदस्य आदित्य राठौर,देवेंद्र सिंह परमार सहित दर्जनों अन्य नेता भी मौजूद रहे।
सियासी मायने: गौरतलब है कि सपा के वरिष्ठ नेता पूर्व सांसद चंद्रभूषण सिंह मुन्नू बाबू का फर्रुखाबाद जनपद की राजनीति में विशेष प्रभाव माना जाता है। करीब एक माह पूर्व उन्होंने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात की थी, जिसके बाद अब भाजपा दिग्गजों का उनके घर पहुंचना जिले में एक नए राजनीतिक समीकरण की ओर इशारा कर रहा है।