भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती रैली जारी
उम्मीदवारों का हो रहा फिजिकल टेस्ट
________________________________
आगामी जनवरी 2027 में भोपाल में आयोजित होने वाली सेना दिवस परेड की तैयारियों के क्रम में, भारतीय सेना द्वारा युवाओं को पारदर्शी, तकनीक-सक्षम और योग्यता-आधारित भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से राष्ट्र सेवा का अवसर प्रदान करने के प्रयास लगातार जारी हैं।
इसी कड़ी में, मुख्यालय भर्ती क्षेत्र (मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़) के अंतर्गत सेना भर्ती कार्यालय जबलपुर द्वारा रीवा में 28 नवंबर से 06 दिसंबर 2026 तक मध्य प्रदेश की चौथी सेना भर्ती रैली का आयोजन किया जा रहा है। इस रैली में रीवा, सतना और जबलपुर सहित प्रदेश के 15 जिलों से 3,800 से अधिक अभ्यर्थी अग्निवीर जनरल ड्यूटी, टेक्निकल और ट्रेड्समैन (8वीं एवं 10वीं पास) पदों के लिए भाग ले रहे हैं।
भर्ती रैली का सफल संचालन भारतीय सेना के मध्य भारत एरिया और सूर्य कमान के साथ-साथ रीवा जिला प्रशासन और पुलिस के समन्वय एवं सहयोग से किया जा रहा है, जिससे अभ्यर्थियों के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। रीवा जिला प्रशासन द्वारा भर्ती में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के ठहरने और भोजन की भी समुचित व्यवस्था की गई है। रैली के पहले दिन को सीधी, मैहर, मऊगंज, सिंगरौली और अनूपपुर जिलों के 480 अभ्यर्थियों ने शारीरिक दक्षता परीक्षाओं में भाग लिया। इस दौरान अभ्यर्थियों ने 1.6 किलोमीटर की दौड़, पुल-अप्स, जिग-जैग बीम और 9 फीट के गड्ढे जैसी विभिन्न बाधाओं को पार कर अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया।
Jansampark Madhya Pradesh
#Rewa #रीवा
Rewa, Madhya Pradesh | Nov 28, 2026