‘कोरेक्स सिटी’ का पोस्टर थामे मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में पहुची युवती रीवा में उठाए नशे और बेरोज़गारी के मुद्दे
रीवा। जिले में आयोजित मुख्यमंत्री की जनसभा के दौरान डॉ. प्रतिभा सिंह ‘कोरेक्स सिटी’ लिखा पोस्टर लेकर सामने आईं और उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव के आगमन से पहले क्षेत्र में बढ़ते नशे, बेरोज़गारी तथा शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर तीखे सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि इस पोस्टर के माध्यम से वह मुख्यमंत्री का ध्यान शहर और जिले में फैल रही नशे की प्रवृत्ति व युवाओं की समस्याओं की ओर आकर्षित करना चाहती हैं।
मीडिया से बातचीत में डॉ. प्रतिभा सिंह ने आरोप लगाया कि जिले के गली-मोहल्लों में नशीले पदार्थों की उपलब्धता बढ़ रही है और शिक्षित युवाओं को रोज़गार मिलने के बजाय कोरेक्स की बोतल, गांजा, चरस और स्मैक जैसे नशों की ओर धकेला जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि बिना प्रशासन और राजनीतिक संरक्षण के ऐसी गतिविधियों के चलने पर उन्हें संदेह है, जबकि देश व प्रदेश के भविष्य के लिए युवाओं को बचाना सबसे अहम विषय है।
सभा स्थल पर लगे ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ जैसे नारों और तैयारियों पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य दोनों जगह एक ही दल की सरकार होने के बावजूद लोकतंत्र बचाने की बात उठना विरोधाभासी है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं को रोज़गार और ज़रूरतमंदों को बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं
परीक्षा पेपर लीक या अन्य समस्याओं को लेकर आवाज़ उठाने वाले छात्रों के प्रति सख़्त रुख अपनाया जाता है
सभा स्थल पर बड़ी संख्या में कुर्सियां खाली दिखाई दे रही हैं
डॉ. प्रतिभा सिंह ने कहा कि वह आगे बढ़कर मुख्यमंत्री को अपना पोस्टर दिखाना चाहती हैं। उनके अनुसार, यदि उन्हें अपनी बात रखने या पोस्टर दिखाने का अवसर नहीं मिला, तो यह लोकतंत्र की भावना के विरुद्ध होगा।