अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी, लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन का निर्देश,
फरार एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी,प्रभावी गश्ती और विधि-व्यवस्था बनाए रखने पर दिया जोर,
शिवहर।जिले में अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस अधीक्षक मो. मोहिबुल्लाह अंसारी की अध्यक्षता में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जिले में घटित विभिन्न आपराधिक घटनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
इस दौरान एसपी ने लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन, फरार एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा अपराध नियंत्रण को लेकर सभी पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र में नियमित एवं प्रभावी गश्ती करने, आपराधिक गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क रहने का निर्देश दिया।
एसपी मो मोहिबुल्लाह अंसारी ने पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि अपराध नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। सभी अधिकारी आपसी समन्वय, जवाबदेही और तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि जिले में शांति एवं सुरक्षा का माहौल कायम रहे।