मीडिया 11 ने प्रेस 11 को 17 रनों से दी मात, नरेंद्र उर्फ नैनू बने मैन ऑफ द मैच
भिवानी, 21 अगस्त। स्थानीय हांसी रोड़ स्थित आरपीएस क्रिकेट मैदान में प्रेस 11 और मीडिया 11 के बीच आपसी भाईचारे एवं सद्भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से टी-20 क्रिकेट मुकाबले का आयोजन किया गया। रोमांचक मुकाबले में मीडिया 11 ने प्रेस 11 को 17 रनों से हराकर जीत दर्ज की। मीडिया 11 के नरेंद्र उर्फ नैनू को शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
मुकाबले का शुभारंभ प्रेस 11 के कोच अजय मल्होत्रा और मीडिया 11 के कोच अजय सैनी ने टॉस के साथ किया। टॉस जीतकर मीडिया 11 ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम की ओर से नरेंद्र उर्फ नैनू ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए महज 40 गेंदों में 66 रनों की बेहतरीन पारी खेली। वहीं कृष्ण कुमार ने 20 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया। इन पारियों की बदौलत मीडिया 11 ने 15 ओवर में प्रेस 11 के सामने 109 रनों का लक्ष्य रखा।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रेस 11 की टीम की शुरुआत धीमी रही। टीम ने शुरुआती पांच ओवर में महज 24 रन बनाए और इस दौरान बल्लेबाजी लडख़ड़ाती नजर आई। हालांकि राजू मेहरा, नवीन कुमार, रवि जांगड़ा, अमित वैद्य, राहुल वैद्य, मनजोत सिंह और सुंदर दिनोदिया ने पारी को संभालने का प्रयास किया। दसवें ओवर तक प्रेस 11 ने मुकाबले में वापसी की उम्मीद जगाई और मीडिया 11 के सामने मुश्किलें खड़ी कर दीं।
इसके बाद मीडिया 11 के गेंदबाजों ने शानदार वापसी करते हुए प्रेस 11 के बल्लेबाजों पर दबाव बना दिया। तेज गेंदबाज नरेंद्र उर्फ नैनू के साथ अजय कुमार, दीपक कुमार, अशोक भारद्वाज, कृष्ण कुमार और जॉनी कुमार ने बेहतरीन गेंदबाजी की। मीडिया 11 के गेंदबाजों के सामने प्रेस 11 के बल्लेबाज ज्यादा देर तक क्रीज पर टिक नहीं सके। अंतत: प्रेस 11 की टीम 14वें ओवर में ऑलआउट हो गई और मीडिया 11 ने मुकाबला 17 रनों से अपने नाम कर लिया।
नरेंद्र उर्फ नैनू ने गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 40 गेंदों में 66 रन बनाने के साथ-साथ तीन ओवर में महज 14 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। उनके इसी शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
इस अवसर पर प्रेस 11 के कोच अजय मल्होत्रा और मीडिया 11 के कोच अजय सैनी ने कहा कि खेल को हमेशा खेल भावना के साथ खेलना चाहिए। इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं आपसी भाईचारे और सद्भावना को मजबूत करती हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया जगत से जुड़े लोगों के बीच आपसी मेलजोल बढ़ाने और तनाव से दूर रहने के लिए समय-समय पर ऐसी खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन जरूरी है।