प्रेरणा वृद्धाश्रम में आर्शीवाद कार्यक्रम आयोजित
----
मध्य प्रदेश शासन उच्च शिक्षा विभाग के दिशा-निर्देशानुसार सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज प्रेरणा वृद्धाश्रम श्योपुर में एक अत्यंत भावपूर्ण एवं गरिमामय आशीर्वाद कार्यक्रम का आयोजन संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय श्योपुर एवं शासकीय आदर्श कन्या महाविद्यालय श्योपुर के शैक्षणिक स्टाफ तथा दोनों महाविद्यालयों के लगभग 55 विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से अपनी सहभागिता दर्ज कराई और वृद्धाश्रम में रह रहे पूज्य बुजुर्गों से आत्मीय भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय श्योपुर के प्राचार्य डॉ. ओ.पी. शर्मा ने की। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. शर्मा ने सामाजिक समरसता, नैतिक मूल्यों और बुजुर्गों के सम्मान पर विशेष प्रकाश डाला। उन्होंने उपस्थित सभी विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों को भारतीय संस्कृति की रीढ़ माने जाने वाले संयुक्त परिवार के ताने-बाने को न टूटने देने तथा बुजुर्गों की सेवा व सम्मान करने की औपचारिक शपथ दिलाई।
कार्यक्रम का कुशल एवं सफल संचालन राजनीति शास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. रमेश कुमार भारद्वाज द्वारा किया गया। इस अवसर पर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय श्योपुर की बी.ए. अंतिम वर्ष की मेधावी छात्रा कु. शिवानी मीणा ने अपने प्रेरणादायी विचारों को साझा किया। उन्होंने वर्तमान दौर में परिवार के सांस्कृतिक मूल्यों, नैतिक मर्यादाओं और बुजुर्गों की छत्रछाया के महत्व को रेखांकित किया।
इस आशीर्वाद कार्यक्रम में दोनों महाविद्यालयों के प्राध्यापकों एवं शैक्षणिक स्टाफ ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम में विशेष रूप से डॉ. आसिफ़ कुरैशी, डॉ. वीरेंद्र रजक, डॉ. अनिल तोमर, डॉ. गिरजेंद्र शर्मा एवं कु. शालू दुबे की सहभागिता रही।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने वृद्ध आश्रम के बुजुर्गों के साथ समय बिताया, उनका कुशलक्षेम जाना और उनके अनुभवों से प्रेरणा ली। बुजुर्गों ने भी अपार स्नेह बरसाते हुए सभी छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्र सेवा का आशीर्वाद दिया, जिससे पूरा आश्रम परिसर आत्मीयता, श्रद्धा और मानवीय संवेदनाओं से सराबोर हो उठा।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur
2 views | Sheopur, Madhya Pradesh | Sep 18, 2026