केलाखेड़ा दीपावली से पहले केलाखेड़ा पुलिस अलर्ट, बैंक और ज्वेलरी शॉप के सीसीटीवी कैमरे खंगाले.
जहां दीपावली सहित आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था तेज कर दी है। थाना प्रभारी मनीष खत्री के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शहर में विशेष जांच अभियान चलाकर बैंकों, सरकारी और गैर-सरकारी संस्थानों के साथ ही ज्वेलरी शॉप की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की और बैंक परिसरों में सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को परखा। वहीं, ज्वेलरी शॉप संचालकों को सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस ने शहर में गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया, ताकि त्योहारों के दौरान चोरी, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।
थाना प्रभारी मनीष खत्री के मुताबिक, यह अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देश पर चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दीपावली तक पुलिस का यह अभियान लगातार जारी रहेगा और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
Bajpur, Udham Singh Nagar | Oct 29, 2026