‘कर्ज के बोझ तले हिमाचल’, कांग्रेस सरकार ने 4 साल में लिया 44,600 करोड़ का नया कर्ज!
हमीरपुर। प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सिर्फ 4 साल में हिमाचल को 44,600 करोड़ रुपए के नए कर्जे में धकेल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कर्जे को उतारने के लिए सरकार ने जनता को ए.टी.एम. बना दिया है। पहले पेट्रोल-डीजल, फिर पानी और अब जनता पर बिजली पर अलग-अलग सेस थोप दिया। कल को ये पर्यावरण के नाम पर जंगलों की फ्री ऑक्सीजन पर भी टैक्स लगा देंगे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जनता बिजली-पानी का बिल नहीं भर रही है, बल्कि सरकार और उनके चहेते मित्रों के बुरे कर्मों और अय्याशियों का जुर्माना भर रही है। सेस कहो या टैक्स, इस लूट का सबसे बड़ा डाका गरीब और मध्यम वर्ग की जेब पर पड़ा है। एक तरफ महंगाई और दूसरी तरफ हर चीज पर नया सेस। सरकार ने प्रदेश की जनता को दो जून की रोटी के लिए मोहताज कर दिया है। कांग्रेस में चल रही कलह पर हमला करते हुए राजेंद्र राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री भाजपा में फूट ढूंढते हैं, लेकिन उनकी अपनी सरकार ताश के पत्तों की तरह बिखर चुकी है। हिमाचल में चुनी हुई सरकार नहीं, सिंडीकेट राज चल रहा है।
Solan, Solan | Aug 17, 2026