नीलगाय की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम
वाराणसी। जंसा थाना क्षेत्र के तेंदुई दयापुर गांव निवासी चंदा देवी की नीलगाय की टक्कर से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया मिली जानकारी के अनुसार, चंदा परिवार के एक युवक के साथ कालिका धाम मंदिर में आयोजित पारिवारिक रिंग सेरेमनी में शामिल होने गई थीं। रविवार को घर लौटते समय पचवार गांव के पास अचानक एक नीलगाय ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे चंदा देवी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि बाइक चला रहे युवक को मामूली चोटें आईं।
परिजन आनन-फानन में उन्हें क्षेत्र के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चंदा देवी एक बेटे और एक बेटी की मां थीं। उनके पति सूरत में रहकर एंब्रॉयडरी का काम करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही वह घर के लिए रवाना हो गए।