वाराणसी में तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दो युवकों को मारी टक्कर, एक की दर्दनाक मौत, दूसरा घायल
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के गौर गांव (बंगलाचट्टी) स्थित नेशनल हाईवे-19 पर बुधवार देर रात तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा उसका साथी मामूली रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक डंपर में फंसकर करीब 100 मीटर तक घिसटता चला गया। इस दौरान उसका एक पैर कटकर करीब 50 मीटर दूर सड़क पर जा गिरा। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन समेत प्रयागराज की ओर फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, भदोही जिले के बाबूसराय निवासी ओमप्रकाश बिंद अपने साथी अखिलेश कुमार निवासी बैंदा खास, भदोही के साथ बाइक से वाराणसी से घर लौट रहे थे। दोनों वाराणसी में दीवारों पर वॉलपेपर लगाने का काम करते थे। बुधवार देर रात काम समाप्त कर दोनों घर जा रहे थे। इसी दौरान गौर गांव (बंगलाचट्टी) के पास वाराणसी से प्रयागराज की ओर जा रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर दूर जा गिरी, जबकि ओमप्रकाश डंपर में फंस गए। डंपर उन्हें करीब 100 मीटर तक घसीटता ले गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
#letestअपडेट #LetestUpdate #UPNews 👇👇
Rajatalab, Varanasi | Nov 5, 2026