‘शहर नर्क बना है, इन्हें ई-कार और लैपटॉप की पड़ी है’
- हाउस मीटिंग के विवाद के बाद विधायक गोकुल सेतिया का सोशल मीडिया लाइव; चेयरमैन पर साधा निशाना, सफाई कर्मचारियों के मुद्दे पर सरकार को घेरा
सिरसा।
नगर परिषद की शुक्रवार को हुई हाउस मीटिंग में पार्षद प्रतिनिधियों और चेयरमैन के बीच हुई नोकझोंक का मामला अब सोशल मीडिया तक पहुंच गया है। हाउस मीटिंग में पार्षदों के लैपटॉप, इलेक्ट्रिक कार, स्कूटी और अन्य खरीद प्रस्तावों को लेकर हुए विवाद के बाद सिरसा विधायक गोकुल सेतिया ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर नगर परिषद की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। विधायक ने बिना किसी का नाम लिए चेयरमैन पर अपनी ही पार्टी के पार्षद के पति को कथित तौर पर अपमानित करने और बैठक से बाहर जाने के लिए कहने का आरोप लगाया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आज की बैठक में शहर की बदहाल स्थिति और सफाई व्यवस्था के बजाय ई-स्कूटी, ई-बाइक, ई-कार और लैपटॉप को लेकर चर्चा होती रही।
गोकुल सेतिया ने कहा कि शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं और लोग परेशान हैं। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण शहर की स्थिति लगातार खराब बनी हुई है। ऐसे समय में नगर परिषद की प्राथमिकताओं पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि बैठक में चर्चा इस बात की हो रही है कि पार्षदों को इलेक्ट्रिक स्कूटी, बाइक और कारें कैसे उपलब्ध कराई जाएं तथा लैपटॉप देकर व्यवस्था को हाईटेक कैसे बनाया जाए। विधायक ने व्यंग्य करते हुए कहा कि ‘प्रधान जी, लोगों के दुख-दर्द के बारे में भी कुछ सोचो।’ उन्होंने नगर परिषद के नेतृत्व से सफाई व्यवस्था और शहर की बुनियादी समस्याओं को प्राथमिकता देने की अपील की।
‘ई-कार छोड़ो, एयर टैक्सी मंगवा लो’
अपने चुटीले अंदाज में विधायक ने ई-वाहनों की खरीद के प्रस्ताव पर तंज कसते हुए कहा कि छोटी-मोटी इलेक्ट्रिक स्कूटी, बाइक और गाड़ियों को छोड़कर नगर परिषद को एयर टैक्सी ही मंगवा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस तरह शहर में ‘चहुंमुखी विकास’ की चर्चा हो रही है, उससे ऐसा लगता है कि अब नगर परिषद में एयर टैक्सी भी आनी चाहिए। विधायक का यह तंज नगर परिषद में रखे गए करीब 90 लाख रुपये की तीन ई-कार और 7 लाख रुपये की ई-स्कूटी के प्रस्तावों के संदर्भ में था।
पार्षद प्रतिनिधि से कथित विवाद पर भी बोले
हाउस मीटिंग में पार्षद प्रतिनिधियों के बैठक कक्ष में पहुंचने और चेयरमैन से हुई नोकझोंक का जिक्र करते हुए विधायक ने कहा कि बैठक में चेयरमैन ने अपनी ही पार्टी के एक पार्षद के पति को अपमानित कर बाहर जाने के लिए कहा गया और कथित तौर पर ‘कमेटी में आ गया तो हिसाब लगा लेना’ जैसी बात कही गई। विधायक ने इस टिप्पणी को लेकर कहा कि वह किसी व्यक्ति पर व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं कर रहे, लेकिन जनप्रतिनिधियों और उनके प्रतिनिधियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए। इसी संदर्भ में उन्होंने फिल्म शोले के पात्रों का जिक्र करते हुए अपने अंदाज में व्यंग्य भी किया।
सफाई कर्मचारियों के मुद्दे पर सरकार को घेरा
लाइव के दौरान विधायक ने नगर परिषद की बैठक से सफाई कर्मचारियों के मुद्दे को जोड़ते हुए कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था लंबे समय से प्रभावित है और कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने इस मामले को लेकर पहले भी हाईकोर्ट का रुख किया था और अब दोबारा चंडीगढ़ से लौट रहे हैं। विधायक के अनुसार हाईकोर्ट ने सरकार से जवाब मांगा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द सफाई व्यवस्था पटरी पर लौटेगी और सफाई कर्मचारियों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों का समाधान होगा।
गोकुल सेतिया ने सफाई कर्मचारियों के मामले को लेकर सरकार पर दबाव बनाने की बात कहते हुए कहा कि वह जिस रास्ते पर चल रहे हैं, उसमें उन्हें उम्मीद है कि पूरे हरियाणा को सिरसा की लड़ाई और उनके प्रयास पर गर्व होगा। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए वह लगातार प्रयास कर रहे हैं और नगर परिषद में होने वाली खरीद की बजाय शहर की मूलभूत समस्याओं पर ध्यान दिया जाना चाहिए।
‘हम लैपटॉप और ई-कार की बात नहीं करते’
विधायक ने अपने अगले कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार शाम साढ़े चार बजे कंगनपुर रोड स्थित हनुमान मंदिर के सामने जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित होगा। उन्होंने लोगों से अपनी समस्याएं सीधे उनके सामने रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि वह जनता के बीच बैठकर क्षेत्र की समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों पर काम करने में विश्वास रखते हैं और इसके लिए किसी सिफारिश की जरूरत नहीं होनी चाहिए। हाउस मीटिंग में शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक बयानबाजी तक पहुंच गया है। एक ओर नगर परिषद का दावा है कि बैठक में विकास कार्यों और प्रस्तावों पर सकारात्मक चर्चा हुई, वहीं विधायक ने नगर परिषद की प्राथमिकताओं पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में ई-वाहनों और लैपटॉप की खरीद के साथ-साथ सफाई व्यवस्था और हाउस में हुए विवाद को लेकर राजनीतिक तापमान और बढ़ने के आसार हैं।
Sirsa, Sirsa | Aug 21, 2026