प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, लखीसराय।
दिनांक 17 जून 2026
आज दिनांक 17.06.2026 को जिला पदाधिकारी, लखीसराय के नेतृत्व में आज बडहिया ब्लॉक के खुठहा पूर्वी पंचायत के चेतन टोला से मालपुर तक प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य के संबंध में स्थल निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान बताया गया कि चेतन टोला से मालपुर तक लगभग 4 किलोमीटर लंबी कच्ची सड़क प्रत्येक वर्ष बाढ़ के दौरान जलमग्न हो जाती है, जिससे स्थानीय लोगों का आवागमन बाधित हो जाता है। ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। जिला पदाधिकारी ने समस्या की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण कार्य विभाग के अधिकारियों को सड़क के पक्कीकरण हेतु आवश्यक कार्रवाई करने तथा विस्तृत प्रतिवेदन तैयार करने का निर्देश दिया।
इसके उपरांत अधिकारियों की टीम ने ग्राम जखौर स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने विद्यालय को उच्च विद्यालय में उत्क्रमित करने की मांग रखी। ग्रामीणों ने बताया कि निकटवर्ती सदायबीघा में +2 उच्च विद्यालय अवस्थित है, किंतु दूरी अधिक होने के कारण विशेषकर छात्राओं को आवागमन में कठिनाई होती है। जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को विद्यालय की स्थिति, छात्र संख्या एवं अन्य आवश्यक मानकों का परीक्षण कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत सदायबीघा उच्च विद्यालय का भी अवलोकन किया गया। जिला पदाधिकारी ने विद्यालय परिसर, शैक्षणिक व्यवस्था एवं आधारभूत सुविधाओं का जायजा लेते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क एवं शिक्षा संबंधी बुनियादी सुविधाओं का विकास जिला प्रशासन की प्राथमिकता है तथा जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।