कलेक्टर ने मछली-मीट मार्केट एवं सब्जी मंडी का किया निरीक्षण, दुकानों को निर्धारित स्थान पर संचालित करने के दिए निर्देश
जिले को स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं सुंदर बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को कलेक्टर ने अधिकारियों के साथ मुलैया टोला बायपास रोड स्थित मछली एवं मीट मार्केट तथा प्रस्तावित सब्जी मंडी स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नगर पालिका अधिकारियों को निर्देशित किया कि मछली एवं मीट बाजार की सभी दुकानों को शहर से दूर निर्धारित स्थल मुलाया टोला में संचालित किया जाए। उन्होंने मीट मार्केट में पुताई, नियमित साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था तथा दुकानों पर क्रमांक अंकित करने के निर्देश दिए, जिससे व्यापारियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही बाजार तक पहुंचने वाले मार्ग को बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि खरीदारों एवं आमजन को आवागमन में परेशानी न हो।
कलेक्टर ने पुरानी डिंडौरी स्थित सब्जी मंडी के व्यापारियों के लिए रेस्ट हाउस के पीछे निर्धारित नए सब्जी मंडी स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने नगर पालिका अधिकारियों को यहां विद्युत, पेयजल, समतल मैदान, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं वाहन पार्किंग जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने कहा कि मुख्य मार्गों पर लगने वाली दुकानों को व्यवस्थित रूप से निर्धारित स्थानों पर संचालित किए जाने से यातायात व्यवस्था सुगम होगी तथा दुर्घटनाओं की संभावना में कमी आएगी। उन्होंने एसडीएम एवं नगर पालिका अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी सोमवार से सभी दुकानों का संचालन निर्धारित स्थलों पर सुनिश्चित किया जाए। नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यापारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने नगरवासियों से भी अपील की कि आवश्यक सामग्री की खरीदारी के लिए निर्धारित बाजार स्थलों पर ही जाएं तथा प्रशासन के प्रयासों में सहयोग प्रदान करें।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री रामबाबू देवांगन, नगर पालिका सुश्री रीना राठौर,अध्यक्ष श्रीमती सुनीता सरस, पार्षद श्री रजनीश राय, श्री रितेश जैन, श्रीमती स्मिता बर्मन, श्री राजेश पाराशर, श्री आशीष कोरी, सब इंजीनियर श्री यशवंत, तहसीलदार श्री शशांक सेंदे सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
#anjupavanbhadoriya #डिंडौरी #JansamparkMP
1 views | Dindori, Madhya Pradesh | Jun 17, 2026