जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों पर त्वरित निराकरण की मांग, नागरिकों ने रखीं विभिन्न समस्याएं
डिंडौरी कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। जनसुनवाई के दौरान 93 आवेदन प्राप्त हुए, प्राप्त आवेदनों में संबल योजना की सहायता राशि, अनुग्रह सहायता, विद्युत बिल संबंधी शिकायत, सड़क निर्माण, नई ग्राम पंचायत गठन, आवागमन मार्ग, आगजनी से हुए नुकसान के मुआवजे तथा शासकीय योजनाओं में अनियमितता जैसे विषय प्रमुख रहे।
ग्राम अमरपुर निवासी श्रीमती जयंती धूमकेती ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि उनके पति स्वर्गीय अनिल कुमार धूमकेती का निधन वर्ष 2024 में हो गया था। उन्होंने संबल योजना के अंतर्गत सहायता राशि हेतु आवेदन किया था, लेकिन अब तक राशि प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने शीघ्र सहायता राशि दिलाए जाने की मांग की। जिस पर कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने संबंधित अधिकारी को समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। वनग्राम हथकटा के ग्रामीणों ने अपनी बस्ती को वर्तमान ग्राम पंचायत परसेल से पृथक कर नई ग्राम पंचायत गठित किए जाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत मुख्यालय की दूरी अधिक होने तथा बीच में वन क्षेत्र होने के कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
ग्राम गीधा, तहसील बजाग निवासी मनोज कुमार राजपूत ने अत्यधिक विद्युत बिल जारी होने की शिकायत दर्ज कराई। जिस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को शिकायत की जांच कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार वनग्राम देवकरा के ग्रामीणों ने गांव तक सड़क मार्ग नहीं होने से आवागमन में होने वाली कठिनाइयों से अवगत कराया। ग्रामीणों ने विशेष रूप से वर्षाकाल में बच्चों के स्कूल आने-जाने में होने वाली परेशानी का उल्लेख करते हुए सड़क निर्माण की मांग की। जिस पर कलेक्टर ने संबंधित विभाग को शिकायत का निराकरण करने के निर्देश दिए।
हनुमान टेकरी निवासी रेखा मरावी ने विद्युत शॉर्ट सर्किट से घर में लगी आग के कारण हुए नुकसान का शासन से मुआवजा एवं आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने की मांग की।
जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर श्री जेपी यादव, डिप्टी कलेक्टर श्री वैधनाथ वासनिक, संयुक्त कलेक्टर सुश्री भारती मेरावी, एसडीएम डिंडौरी श्री रामबाबू देवांगन, महिला बाल विकास अधिकारी श्री श्याम सिंगौर, एनआरएलएम प्रबंधक श्रीमती अर्पणा पाण्डेय, कोषालय अधिकारी श्री डीएन हजारिया, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती सुमन परस्ते सहित समस्त विभागीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
#anjupavanbhadoriya #Dindori #JansamparkMP
25 views | Dindori, Madhya Pradesh | Jun 16, 2026