जमुई: जिले के विभिन्न प्राइवेट स्कूल के शिक्षकों का किया गया सम्मान
शहर स्थित एक निजी हॉल में
प्राइवेट स्कूल एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से रविवार की दोपहर बाद 03:00 बजे तक शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का शुभारंभ डीएम नवीन कुमार, एसपी विश्वजीत दयाल, एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष शमायल अहमद, डीईओ धनंजय पासवान और डीपीओ नीतीश कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान जिले के विभिन्न प्राइवेट स्कूल के करीब 400 शिक्षकों को बारी- बारी से मोमेंटो और प्रशास्तिपत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर शिक्षकों में काफी उत्साह देखने को मिला। शिक्षकों के बीच खुशियां छाई रही।
इस अवसर पर डीएम नवीन ने कहा कि सरकारी और निजी विद्यालयों के सामूहिक प्रयास से जमुई जिला शिक्षा के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सभी निजी विद्यालयों के निदेशक और संचालकों से अपील किया कि आगामी 15 दिनों के अंदर विद्यार्थियों की अपार आई डी बनाने का कार्य सरकारी विद्यालयों के बराबर लाया जाए। डीएम ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में अपार आई डी निर्माण के मामले में जमुई पूरे बिहार में पहले स्थान पर है। लेकिन जब सरकारी और निजी विद्यालयों को एक साथ देखा जाता है तो जिला तीसरे स्थान पर पहुंच जाता है। उन्होंने निजी स्कूल संचालकों से इस दिशा में तेजी से काम करने का आह्वान करते हुए कहा कि सभी के प्रयास से जमुई को इस मामले में भी बिहार में नंबर-1 बनाया जा सकता है।
वहीं आगे डीएम ने निजी विद्यालय संचालकों के सामने सांस्कृतिक गतिविधियों को लेकर भी एक चुनौती रखी। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में निजी विद्यालयों के बच्चों का चयन नहीं हो सका। उन्होंने संचालकों से कहा कि बच्चों को केवल रिकॉर्डेड कार्यक्रमों तक सीमित न रखें, बल्कि सभ्यता और संस्कृति से जुड़े जीवंत सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए भी उन्हें तैयार करें। इससे आगामी 26 जनवरी के सांस्कृतिक कार्यक्रम में निजी विद्यालयों के बच्चे भी बेहतर तरीके से भाग ले सकेंगे।
मौके पर उपस्थित एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष शमायल अहमद ने मीडिया कर्मी से मुखातिब होते हुए कहा कि संगठन की ओर से पिछले 11 वर्षों से शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निजी विद्यालयों की समस्याओं के समाधान के लिए एसोसिएशन लगातार स्कूल संचालकों और विद्यालयों के साथ खड़ा है। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर संगठन के सदस्यों द्वारा भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में संगठन के जिला अध्यक्ष विजय सिंह, सचिव डॉ. बी. अभिषेक, नारायण हेरिटेज स्कूल के संचालक सुमित सिंह समेत बड़ी संख्या में विद्यालयों के संचालक उपस्थित रहे। #jamuitopnews #jamuinews #educational #education #school #schoollife #teacher ol
Jamui, Jamui | Sep 14, 2026