कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने किया बालिका विद्यालय के कायाकल्प का भूमि पूजन, भामाशाह ओमप्रकाश अग्रवाल ने लिया गोद
सवाई माधोपुर। कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा आज सवाई माधोपुर जिला मुख्यालय के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने मानटाउन स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय के कायाकल्प एवं निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया। जिले के भामाशाह ओमप्रकाश अग्रवाल ने विद्यालय को गोद लेकर इसके विकास की जिम्मेदारी उठाई है। विद्यालय के कायाकल्प पर दो करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय का नाम बदलकर राजकीय सेठ श्री मोहनलाल संतरा देवी अग्रवाल बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, मानटाउन किए जाने के साथ ही निर्माण कार्य का शिलान्यास एवं भूमि पूजन किया गया। इस पहल से विद्यालय में शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार और आधारभूत ढांचे के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में नगर परिषद सभापति मेवा चौधरी एवं उपसभापति माया गोयल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इसके अलावा शिक्षा विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी तथा शहर के कई गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
भामाशाह ओमप्रकाश अग्रवाल की ओर से विद्यालय को गोद लेकर दो करोड़ रुपये से अधिक की राशि से कायाकल्प कराने की पहल को बालिका शिक्षा एवं शैक्षणिक सुविधाओं के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।