देव कार्तिक छठ मेला-2026 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार एवं मुस्तैद, श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए किए गए व्यापक इंतजाम
ऐतिहासिक एवं पौराणिक महत्व के देव कार्तिक छठ मेला-2026 में आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत एवं उनकी सुविधा, सुरक्षा तथा सुगम आवागमन को लेकर जिला प्रशासन, औरंगाबाद द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला पदाधिकारी, औरंगाबाद अभिलाषा शर्मा के कुशल नेतृत्व एवं निर्देशन में मेला परिसर एवं संपूर्ण देव क्षेत्र में श्रद्धालुओं की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
मेला परिसर एवं सूर्यकुंड क्षेत्र में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के साथ आकर्षक सजावट की गई है। स्वच्छता एवं साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देते हुए कुंड परिसर, प्रमुख मार्गों एवं श्रद्धालुओं के आवागमन वाले क्षेत्रों की समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित की गई है। श्रद्धालुओं के ठहरने एवं विश्राम के लिए विभिन्न आवासन स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। वहीं, पेयजल, शौचालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
इसके अतिरिक्त श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, ड्रॉप गेट, पार्किंग, नियंत्रण कक्ष, चिकित्सा सुविधा एवं विधि-व्यवस्था संधारण के लिए भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मेला अवधि के दौरान विभिन्न स्थलों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिला पदाधिकारी श्रीमती अभिलाषा शर्मा के निर्देशानुसार सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी आपसी समन्वय के साथ पूरी मुस्तैदी से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा मेला की तैयारियों एवं उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का लगातार अनुश्रवण किया जा रहा है, ताकि मेला के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित रहें।
जिला प्रशासन सभी श्रद्धालुओं का हार्दिक स्वागत करता है तथा उन्हें सुरक्षित, स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक वातावरण में देव कार्तिक छठ महापर्व संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
Deo, Aurangabad | Nov 15, 2026