मादक पदार्थों की तस्करी में महिलाएं भी पीछे नहीं: लाखों के गांजा के साथ पकड़ाई युवती, भुवनेश्वर-तेजस राजधानी एक्सप्रेस में एसी कोच 2 में कर रही थी सफर
गया. बिहार में शराब और मादक पदार्थों की तस्करी में महिला तस्कर भी पीछे नहीं. बिहार के समस्तीपुर में बीते दिन शराब की बरामदगी एक युवती के पास से हुई थी. अब इसी तरह का एक मामला गया में सामने आया है. गया जंक्शन पर चले ऑपरेशन नारकोस के दौरान आरपीएफ की टीम ने भुवनेश्वर- तेजस राजधानी एक्सप्रेस में एसी कोच 2 में सफर कर रही युवती के पास से लाखों के मूल्य के रही गांजा की बरामदगी की है.
एक्सप्रेस ट्रेन के एसी कोच 2 में सफर करती युवती 15 किलो गांजा के साथ पकड़ाई, मूल्य करीब 8 लाख रूपए की
बिहार के गया में एक्सप्रेस ट्रेन के एसी कोच 2 में सफर कर रही एक युवती को मादक पदार्थ गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया है. इस युवती के पास से करीब 15 किलोग्राम गांजा की बरामदगी की गई है, जिसका मूल्य 7 लाख 91 हजार रुपए बताया जाता है. गया रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), गया रेल थाना के द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ ऑपरेशन नारकोस के तहत कार्रवाई की गई. इस दौरान भुवनेश्वर -तेजस राजधानी एक्सप्रेस में छापेमारी हुई. इस छापेमारी में एक युवती के पास से 15 किलो 822 ग्राम गांजा की बारामदगी हुई, जिसकी कीमत अनुमानित तौर पर 7 लाख 91 हजार 100 रूपए बताई गई है. युवती को मौके से गिरफ्तार कर आरपीएफ-रेल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है. फिलहाल गिरफ्तार महिला तस्कर को राजकीय रेल पुलिस गया को सौंप दिया गया है.
गया की रहने वाली है महिला तस्कर
गिरफ्तार महिला तस्कर की पहचान मीना कुमारी 26 वर्ष के रूप में हुई है, जो कि गया जिले के खिजरसराय थाना अंतर्गत गोबरडीहा गांव की रहने वाली बताई जाती है. आरपीएफ के अनुसार इस महिला यात्री के बैग की जांच की गई, तो उसमें से मादक पदार्थ गांजा मिला. दो बैग से 15 बंडल गांजा मिला. गांजा की बरामदगी के बाद महिला को तुरंत हिरासत में ले लिया गया. आरपीएफ की टीम मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.
उड़ीसा से दिल्ली को तस्करी किया जाना था
जानकारी के अनुसार गांजा उड़ीसा से दिल्ली को तस्करी की जानी थी. महिला ने आरपीएफ को बताया है, कि उड़ीसा के जाजपुर क्योझर रोड से एक व्यक्ति के द्वारा उसे यह दिया गया था. गांजा को ट्रेन के माध्यम से दिल्ली को ले जाना था. हालांकि, किस व्यक्ति के द्वारा गांजा दिया गया था, यह महिला ने स्पष्ट नहीं किया है. आरपीएफ के अनुसार माना जा रहा है, कि मादक पदार्थ की तस्करी के पीछे कोई बड़ा रैकेट संलिप्त हो सकता है.
सात लाख 91 हजार रुपए के गांजा के साथ महिला को किया गया है गिरफ्तार: आरपीएफ निरीक्षक
इस संबंध में आरपीएफ निरीक्षक गया बनारसी यादव ने बताया कि रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट गया, राजकीय रेल पुलिस गया के द्वारा संयुक्त रूप से मुखबिर की सूचना पर भुवनेश्वर -तेजस राजधानी एक्सप्रेस के कोच 2 में छापेमारी की गई. उक्त कोच से एक महिला को 15 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया है महिला के खिलाफ अग्रतर कार्रवाई की जा रही है. इसके आगे- पीछे के इतिहास को खंगाला जा रहा है !
#bdbiharjharkhand