जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ सोमवारीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
समीक्षा के दौरान गत सप्ताह एवं वर्तमान सप्ताह की स्थिति की तुलनात्मक समीक्षा की गई। अपर समाहर्ता , बांका स्तर पर गत सप्ताह कुल 375 मामले लंबित थे इस सप्ताह में कुल 82 मामलों का निष्पादन किया गया। वहीं उप विकास आयुक्त, बांका स्तर पर गत सप्ताह 252 मामले लंबित थे इस सप्ताह 37 मामलों का निष्पादन किया गया।
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से संबंधित मामलों की उच्च स्तरीय समिति द्वारा समीक्षा के क्रम में समीक्षा हेतु कुल 230 मामले थे, जिनमें वर्तमान सप्ताह 50 मामलों की समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी ने लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने तथा पुराने मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करते हुए मामलों के त्वरित निष्पादन पर विशेष ध्यान देने को कहा।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि लंबे समय से लंबित सभी पत्रों एवं आवेदनों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं हो। सभी संबंधित पदाधिकारियों को मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी ने CWJC, MJC, नीलाम पत्रवाद, सेवा संवाद, आयुक्त कार्यालय, मानवाधिकार एवं मुख्यमंत्री डैशबोर्ड से संबंधित लंबित मामलों की भी समीक्षा की। इसके अलावा आपदा के कारण मृत्यु होने की स्थिति में देय मुआवजा राशि के लंबित भुगतान से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देश दिया कि इन सभी मामलों की लंबित अवधि के आधार पर सूची तैयार कर मिशन मोड में प्राथमिकता के साथ निष्पादन एवं भुगतान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण हो सके।
बैठक में "सहयोग शिविर" के दौरान प्राप्त 1-स्टार एवं 2-स्टार रेटिंग वाले मामलों की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि ऐसे सभी मामलों की संबंधित जिला स्तरीय टीम द्वारा प्राथमिकता के आधार पर जांच की जाए तथा शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जिला पदाधिकारी द्वारा नीलाम पत्रवाद से संबंधित मामलों के निष्पादन की भी विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने लंबे समय से लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने का निर्देश दिया। साथ ही बड़े बकायेदारों से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए बकाया राशि की वसूली में तेजी लाने तथा नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों के निष्पादन की नियमित रूप से समीक्षा करते हुए प्रगति सुनिश्चित करें तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब को गंभीरता से लिया जाए।
Banka, Bihar | Aug 24, 2026