*मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष डॉ. कैलाश जाटव ने कन्या छात्रावासों का किया निरीक्षण*
*छात्राओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए व्यवस्थाओं की समीक्षा, आवश्यक सुधार के दिए निर्देश*
*छात्राओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आरओ को सामान्य उपयोग स्थलों पर स्थापित करने के निर्देश*
मुरैना, मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष डॉ. कैलाश जाटव ने बुधवार को मुरैना शहर स्थित विभिन्न कन्या छात्रावासों का निरीक्षण कर छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही आवासीय, शैक्षणिक एवं मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं एवं सुझावों की जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला संयोजक, आदिम जाति कल्याण विभाग श्री सौरभ सिंह राठौर, समाजसेवी श्री दिलीप पिप्पल सहित विभागीय अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अध्यक्ष डॉ. जाटव ने सर्वप्रथम गणेशपुरा स्थित शासकीय जूनियर कन्या छात्रावास (100 सीटर) का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास की व्यवस्थाओं, भोजन कक्ष, स्टॉक रजिस्टर एवं अन्य अभिलेखों का अवलोकन किया तथा छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्हें अवगत कराया गया कि छात्रावास में नवीन प्रवेश प्रक्रिया जारी है।
इसके उपरांत उन्होंने शासकीय सीनियर कन्या छात्रावास, गणेशपुरा (50 सीटर) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रावास के कमरों, बिस्तरों, स्टॉक रजिस्टर एवं अध्ययन सामग्री का अवलोकन किया तथा छात्राओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।
अध्यक्ष डॉ. जाटव ने संभागीय कन्या छात्रावास, गणेशपुरा का निरीक्षण कर रसोई व्यवस्था, राशन सामग्री, अभिलेखों एवं छात्राओं की उपस्थिति संबंधी व्यवस्थाओं का परीक्षण किया तथा छात्रावास संचालन से संबंधित आवश्यक जानकारियां प्राप्त कीं।
इसके पश्चात उन्होंने शासकीय महाविद्यालयीन कन्या छात्रावास, व्हीआईपी रोड, मुरैना का निरीक्षण किया। इस दौरान छात्राओं ने भोजन व्यवस्था, फर्नीचर एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं से संबंधित सुझाव प्रस्तुत किए, जिन पर अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अध्यक्ष डॉ. जाटव ने कहा कि शासन छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है तथा छात्रावासों में उपलब्ध संसाधनों एवं व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने छात्राओं से मन लगाकर अध्ययन करने तथा अपने जीवन के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का आह्वान किया।
उन्होंने निर्देश दिए कि छात्राओं की सुविधा एवं स्वच्छ पेयजल की सुगम उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए छात्रावासों में आरओ मशीनों को ऐसे स्थानों पर स्थापित किया जाए, जहां सभी छात्राएं आसानी से उनका उपयोग कर सकें।
अध्यक्ष डॉ. जाटव ने वार्ड क्रमांक-29 स्थित अंबेडकर पार्क पहुंचकर नागरिकों से सामाजिक संवाद भी किया। उन्होंने स्थानीय नागरिकों की समस्याएं एवं सुझाव सुने तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा करते हुए डॉ. जाटव ने कहा कि मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग अनुसूचित जाति वर्ग के हितों के संरक्षण, संवर्धन एवं उनके अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाएगा तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।