अंतर्राष्ट्रीय प्लास्टिक बैग मुक्त दिवस पर कपड़े की थैलियों का वितरण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
==============================================================
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन के मार्गदर्शन में वार्ड क्रमांक-7 की प्रेरणा नगर विकास प्रस्फुटन समिति ने अंतर्राष्ट्रीय प्लास्टिक बैग मुक्त दिवस के अवसर पर जेल बगीचा सब्जी मार्केट में कपड़े की थैलियों का वितरण कर लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम का संचालन परामर्शदाता श्री विनोद तिवारी, श्री श्यामल राव, श्रीमती लता नागले, श्री आशीष साहू एवं श्रीमती तृप्ति ठाकुर के सहयोग से किया गया।
इस दौरान नागरिकों और सब्जी विक्रेताओं से प्लास्टिक की थैलियों के स्थान पर कपड़े की थैली अपनाने की अपील की गई। कई विक्रेताओं ने भविष्य में प्लास्टिक का उपयोग कम करने तथा ग्राहकों को भी कपड़े की थैली के उपयोग के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। प्रेरणा नगर विकास प्रस्फुटन समिति की सदस्य श्रीमती आयशा लोधी ने कहा कि यदि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण देना है तो प्लास्टिक की आदत बदलनी होगी। उनके अनुसार कपड़े की थैली केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। कार्यक्रम में समाजसेवी डॉ. मीरा पराड़कर, श्रीमती अंकिता, डॉ. महेश बंदेवार, श्रीमती संध्या, श्रीमती आरती सहित अन्य नागरिक उपस्थित थे। इस अवसर पर "प्लास्टिक छोड़ो, प्रकृति से नाता जोड़ो", "हर हाथ में कपड़े की थैली, तभी मुस्कुराएगी धरती हमारी प्यारी" तथा "आज की छोटी पहल, कल का स्वच्छ और हरित भविष्य" जैसे संदेशों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी दोहराया गया।