जबेरा में “सेवा सेतु अभियान–सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम आयोजित
==
जनपद सभागार भवन जबेरा में “सेवा सेतु अभियान–सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति एवं पर्यटन राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेंद्र सिंह लोधी शामिल हुए। इस दौरान शासन की विभिन्न जनहितैषी योजनाओं की जानकारी आमजन को दी गई तथा विभिन्न विभागों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र वितरित कर लाभान्वित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत विभिन्न जनसेवा एवं जनकल्याणकारी कार्य आयोजित किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्रों की श्रेणी में स्थापित करने के संकल्प की दिशा में शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां आमजन को योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं और आवेदनों का निराकरण भी किया गया।