जमुई: पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्र गुरमाहा और चोरमारा की बदलेगी सूरत, जमुई में पर्यटन व समृद्धि के नए केंद्र,
पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा के साथ बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। केंद्रीय गृह मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त सचिव राजीव कुमार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में जिला पदाधिकारी नवीन और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल सहित जिला स्तर के सभी संबंधित अधिकारियों ने जुड़कर अपनी सहभागिता दर्ज की। उक्त जानकारी मंगलवार की शाम 5:30 बजे प्रेस रिलीज व तस्वीर जारी कर दी गई है।
इस बैठक का मुख्य उद्देश्य बिहार के सुदूरवर्ती और पूर्व उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों का समग्र विकास सुनिश्चित करना था, जिसके तहत बुनियादी ढांचागत विकास को गति देने पर गहन मंथन किया गया।
बैठक के दौरान संयुक्त सचिव द्वारा निर्देशित किया गया कि पूर्व के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के चहुंमुखी विकास के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा, जीविकोपार्जन और कनेक्टिविटी को बढ़ावा देना केंद्र सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने जिला प्रशासन को इन सभी बुनियादी क्षेत्रों को संबल प्रदान करने के उद्देश्य से एक 'एकीकृत विशेष प्रोजेक्ट' तैयार कर शीघ्र केंद्र सरकार को भेजने का निर्देश दिया। इस विशेष प्रोजेक्ट के स्वीकृत होने पर इन क्षेत्रों के विकास कार्यों के लिए विशेष मद में केंद्रीय सहायता प्रदान की जाएगी, जिससे इन क्षेत्रों के विकास को एक नई गति और दिशा मिल सकेगी।
इसी कड़ी में मुंगेर, लखीसराय और जमुई जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों को आपस में जोड़ते हुए गुरमाहा और चोरमारा क्षेत्र में एक वृहद 'एकीकृत इको-टूरिज्म सर्किट' विकसित करने की रणनीति पर मंथन हुआ। संयुक्त सचिव ने इस दिशा में पर्यटन सर्किट को स्थानीय लोक संस्कृति, लोक कला और स्थानीय उद्योगों के संवर्धन से जोड़ने का भी निर्देश दिया। साथ ही होमस्टे योजना को लागू करने, मत्स्य पालन की संभावनाओं को तलाशने, कृषि वानिकी तथा शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधाओं की बहाली में आने वाली सभी प्रशासनिक और तकनीकी बाधाओं को पहचान कर तुरंत दूर करते हुए एक प्रभावी कार्ययोजना प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने बिहार विधानसभा चुनाव के उपरांत जिला प्रशासन द्वारा इन क्षेत्रों में किए जा रहे सकारात्मक प्रयासों और जमीनी बदलावों से विस्तारपूर्वक अवगत कराया। उन्होंने बताया कि बीते 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर गुरमाहा में जिला प्रशासन द्वारा एक विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया था, जिसका मुख्य उद्देश्य स्थानीय नागरिकों के मन से बरसों पुराने भय को समाप्त कर उन्हें शासन की मुख्यधारा के नजदीक लाना था।
इस महत्वपूर्ण बैठक का एक बड़ा केंद्र बिंदु चोरमारा और गुरमाहा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ जमुई के प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण ऐतिहासिक व धार्मिक स्थलों जैसे लछुआड़, गिद्धेश्वर वन्य क्षेत्र, बरहट डैम और अन्य क्षेत्रों को पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करना रहा। इन सभी प्राकृतिक स्थलों को आधुनिक रूप से विकसित कर जमुई को बिहार का सबसे सुंदर जिला बनाने के रोडमैप पर गहन विचार-विमर्श किया गया। #jamuitopnews #jamui #jamuibihar #zilaprashasan
Jamui, Jamui | Jul 15, 2026