खजुरियां में डीएम ने धान फसल कटनी प्रयोग का किया निरीक्षण, प्रति हेक्टेयर 47.88 क्विंटल उपज का आकलन
आरा। भोजपुर जिले में खरीफ फसल की उपज का सही आकलन करने के लिए पंचायत स्तर पर धान फसल कटनी प्रयोग कराया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को आरा सदर प्रखंड की खजुरियां पंचायत के खजुरियां गांव में जिलाधिकारी मनेश कुमार मीणा ने धान फसल कटनी प्रयोग का निरीक्षण किया।
यह प्रयोग किसान उमेश कुमार, पिता साधु शरण यादव के खेसरा संख्या 1535 में कृषि वर्ष 2026-27 के तहत किया गया। निर्धारित 10×5 वर्ग मीटर क्षेत्र में अगहनी धान की कटनी कराई गई। कटनी के बाद प्राप्त हरे धान का वजन 23.94 किलोग्राम पाया गया। इसके आधार पर प्रति हेक्टेयर 47 क्विंटल 88 किलोग्राम उपज का आकलन किया गया। निरीक्षण के दौरान जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अभय कुमार पुरी, जिला कृषि पदाधिकारी, आरा सदर के बीडीओ सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। इनमें प्रखंड कृषि पदाधिकारी विनोद कुमार, सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी रजनीश कुमार, शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, विकास कुमार पाण्डेय, अंशु कुमार एवं मनिन्द्र कुमार समेत कृषि समन्वयक और किसान सलाहकार प्रकाशचन्द्र शामिल थे। मौके पर पंचायत के करीब 20 से 25 किसान भी उपस्थित रहे।जिला सांख्यिकी पदाधिकारी ने बताया कि फसल कटनी प्रयोग से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर बिहार राज्य फसल सहायता योजना सहित किसानों के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जाता है। इसके अलावा राज्य के सकल घरेलू उत्पाद का आकलन, खाद्य नीति, कृषि नीति तथा आयात-निर्यात संबंधी नीतियों के निर्धारण में भी इन आंकड़ों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
उन्होंने बताया कि जिले की सभी पंचायतों में फसल कटनी प्रयोग कराया जा रहा है। इसकी निगरानी जिला, अनुमंडल और प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों द्वारा की जा रही है, ताकि निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रयोग संपन्न हो और प्राप्त आंकड़ों की गुणवत्ता एवं पारदर्शिता बनी रहे।
Jagdishpur, Bhojpur | Nov 26, 2026