मतदाता सूची में छूटे योग्य लोगों का नाम जोड़ने पर जोर, 11 दिसंबर तक मिलेगा मौका
आयुक्त ने की विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा, मतदाता जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी
आरा (भोजपुर)। फोटो निर्वाचक सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 को लेकर बुधवार को समाहरणालय सभागार में आयुक्त पटना प्रमंडल सह निर्वाचक सूची प्रेक्षक राजेश कुमार की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की गई।
आयुक्त ने युवा, महिला और कमजोर वर्ग के पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जोड़ने तथा लिंगानुपात में सुधार पर विशेष जोर दिया। उन्होंने मृत, दोहरी प्रविष्टि और स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं का भौतिक सत्यापन कर नियमानुसार नाम हटाने और त्रुटियों में सुधार का निर्देश दिया। कॉलेजों और प्लस टू विद्यालयों में अभियान चलाकर युवा मतदाताओं का पंजीकरण कराने को भी कहा।
उन्होंने बताया कि दावा-आपत्ति की अंतिम तिथि 11 दिसंबर 2026 है। पात्र नागरिक वोटर हेल्पलाइन ऐप और वोटर सर्विस पोर्टल के माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं। राजनीतिक दलों से सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने और बीएलओ को सहयोग देने की अपील की गई।
बैठक से पूर्व आयुक्त ने मतदाता जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही गुब्बारे छोड़कर जागरूकता संदेश दिया और हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ किया। मौके पर डीएम, डीडीसी सहित जिले के वरीय अधिकारी और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद थे।
Jagdishpur, Bhojpur | Nov 25, 2026