रात के अंधेरे में दो जगह कट्टे से चलाई गोली, युवक ने सोशल मीडिया पर डाले वीडियो
मुरैना। शहर में एक युवक द्वारा कट्टे से फायरिंग करने के दो वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। युवक ने अलग-अलग स्थानों पर रात के समय कट्टे से फायरिंग की और खुद ही इसका वीडियो भी बनाया। बुधवार शाम युवक ने दोनों वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड कर दिए। इंस्टाग्राम आईडी श्याम किरार निवासी किशनपुर के नाम से बताई जा रही है।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा हो रही है। वहीं पुलिस ने भी मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है।
दो अलग-अलग स्थानों पर की फायरिंग
सोशल मीडिया पर अपलोड किए गए दोनों वीडियो अलग-अलग स्थानों के बताए जा रहे हैं। पहला वीडियो सिविल लाइन थाना क्षेत्र के महाराजपुरा स्थित एक खेत का बताया जा रहा है। इसमें युवक रात के समय कट्टे से फायरिंग करता दिखाई दे रहा है।
वहीं दूसरा वीडियो रामनगर स्थित युवक के घर के पास का बताया जा रहा है। इसमें भी युवक रात के अंधेरे में कट्टे से फायरिंग करता नजर आ रहा है। दोनों ही वीडियो में युवक खुद फायरिंग करते हुए उसका वीडियो बनाता दिखाई दे रहा है।
वीडियो के आधार पर होगी कार्रवाई
मामले में सीएसपी कविन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो को संज्ञान में लेकर जांच की जा रही है। वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि फायरिंग के ये वीडियो कब के हैं। जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
#मुरैना #morena #पुलिस