अंडर-14 राष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए बिहार टीम अलीगढ़ रवाना
पटना। प्रथम अंडर-14 राष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए स्कूल क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बिहार की 30 सदस्यीय टीम रविवार को अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) के लिए रवाना हुई। राष्ट्रीय स्तर की यह प्रतियोगिता 22 से 26 सितंबर तक अलीगढ़ में आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में बिहार के युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
टीम के रवाना होने से पूर्व स्कूल क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बिहार के अध्यक्ष रंजीत राज एवं सचिव आदित्य कुमार ने खिलाड़ियों को क्रिकेट जर्सी प्रदान कर प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, खेल भावना और टीम भावना के साथ मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। पदाधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता युवा खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा को बड़े मंच पर साबित करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
बिहार टीम के साथ कोच गुलशन कुमार एवं पीयूष कुमार तथा मैनेजर शेखर चौरसिया एवं विक्की कुमार भी अलीगढ़ के लिए रवाना हुए। इस दौरान एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
बिहार टीम की कमान कप्तान चिराग झा संभालेंगे, जबकि स्पर्श कुमार उपकप्तान की जिम्मेदारी निभाएंगे। टीम में आशु, विराज, हर्ष, यश, पीयूष, अभिनेष, युवराज, इशू, अनिक, हेमराज, दिव्यांशु, शिवम, सरस कुमार, शुभम कुमार, अथर्व कुमार, देव प्रजापति, देवराज, कुमार आहान वर्मा, आशिव राज, कर्तव्य झा, आद्यर्व झा, आयुष राज, आदित्य, अंश उपाध्याय, आर्यन, अर्शदीप और आरुष शामिल हैं।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बिहार के युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा, अनुशासन और खेल भावना का परिचय देते हुए बेहतर प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि टीम प्रतियोगिता में शानदार खेल का प्रदर्शन कर बिहार का नाम रोशन करेगी।