ज्यूरी स्कूल में जनजातीय गौरव पखवाड़े के तहत जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में दिखाई प्रतिभा
- पेंटिंग, स्लोगन, निबंध लेखन और भाषण प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने लिया भाग
- मुख्य अतिथि ने जनजातीय इतिहास और संघर्षों पर डाला प्रकाश
#Bushahr Today
ज्यूरी/रामपुर बुशहर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ज्यूरी में शुक्रवार को जनजातीय गौरव पखवाड़े के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सहायक आयुक्त एवं खंड विकास अधिकारी रामपुर अंकुश कुमार ने मुख्य अतिथि, जबकि जिला योजना अधिकारी डॉ. निवेदिता शर्मा ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की।
इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए पेंटिंग, स्लोगन लेखन, निबंध लेखन और भाषण प्रतियोगिताएं करवाई गईं। इनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिताओं के परिणामों में पेंटिंग में हर्षिता प्रथम, अक्षिता द्वितीय और ईवा चारस तृतीय स्थान पर रहीं। स्लोगन लेखन में बिमला ने पहला, अर्शिया ने दूसरा और लोकेश ने तीसरा स्थान हासिल किया। निबंध लेखन में गीतांजलि प्रथम, आंचल डोगरा द्वितीय और दीपिका तृतीय रहीं। वहीं, भाषण प्रतियोगिता में दीपिका ने पहला, पूजा रानी ने दूसरा और लव नेगी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
मुख्य अतिथि अंकुश कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जनजातीय समुदायों के इतिहास, सांस्कृतिक पहचान और औपनिवेशिक शासन के विरुद्ध उनके संघर्षों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में जनजातीय समुदायों का योगदान महत्वपूर्ण रहा है, लेकिन इतिहास लेखन में उनके संघर्षों और उपलब्धियों को अपेक्षित स्थान नहीं मिल पाया। उन्होंने विद्यार्थियों को सबाल्टर्न इतिहास की अवधारणा समझाते हुए कहा कि इतिहास को केवल सत्ता और प्रभावशाली वर्गों के नजरिए से नहीं, बल्कि वंचित और उपेक्षित समुदायों के दृष्टिकोण से भी समझना जरूरी है। जनजातीय इतिहास का अध्ययन सामाजिक अस्मिता, स्वाभिमान और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण है।
विशेष अतिथि डॉ. निवेदिता शर्मा ने भी जनजातीय समुदायों की परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक योगदान के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने पर बल दिया।
कार्यक्रम के आयोजन सचिव एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य पदम बिष्ट ने अतिथियों, पंचायत प्रतिनिधियों और खंड विकास कार्यालय रामपुर की टीम का स्वागत किया। उन्होंने विद्यार्थियों की भागीदारी की सराहना करते हुए आयोजन में सहयोग के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान ग्राम पंचायत ज्यूरी प्रधान राज कांता भारद्वाज, ग्राम पंचायत बोंडा के प्रधान गोपू राम, ज्यूरी पंचायत के उपप्रधान प्रकाश सहित खंड विकास कार्यालय रामपुर की टीम उपस्थित रही। मंच संचालन अंग्रेजी प्रवक्ता सिकंदर बंसल ने किया। कार्यक्रम का समापन जनजातीय इतिहास, संस्कृति और विरासत के संरक्षण के संदेश के साथ हुआ।
Rampur, Shimla | Nov 13, 2026