तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर: पहले स्कूटी, फिर ई-रिक्शा को मारी टक्कर, कई घायल
उरई (जालौन)। उरई कोतवाली क्षेत्र के ग्राम राहिया स्थित नीलगिरी फैक्टरी के सामने मंगलवार को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने कहर बरपा दिया। अनियंत्रित हुई स्कॉर्पियो (UP 92 S 9653) ने पहले एक स्कूटी को टक्कर मारी और उसके बाद आगे चल रहे ई-रिक्शा से जा भिड़ी। हादसे के समय ई-रिक्शा में कई यात्री सवार थे, जिससे कई लोग घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, स्कॉर्पियो की आगे की सीट पर बैठी एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके सिर में चोट लगने से काफी खून बहने लगा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तुरंत घायलों की मदद शुरू की।
जानकारी के मुताबिक सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को प्राथमिक सहायता के बाद उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
#orai #jalaun #konch #kalpi #madhaugadh
Orai, Jalaun | Aug 4, 2026