मंदसौर। बुधवार देर रात दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और गरोठ-उज्जैन फोरलेन पर शामगढ़ निवासी मसाला व्यापारी मुफद्दल बोहरा और उनके पुत्र बुरहान के साथ मारपीट और दुर्घटना का मामला सामने आया है। आरोप है कि जावरा से शामगढ़ लौट रहे पिता-पुत्र का फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो सवार लोगों ने पीछा किया और गरोठ एक्सचेंज के आगे उनकी बोलेरो को रोककर उनके साथ मारपीट की। घटना के दौरान बोलेरो सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार, बोहरा जी मसाला उद्योग के संचालक मुफद्दल बोहरा अपने पुत्र बुरहान के साथ जावरा से बोलेरो वाहन में सूखी लाल मिर्च लेकर शामगढ़ लौट रहे थे। बुरहान वाहन चला रहा था। आरोप है कि जावरा क्षेत्र से आगे एक फॉर्च्यूनर ने उनकी बोलेरो को साइड से टक्कर मारकर रोकने का प्रयास किया। वाहन नहीं रोकने पर फॉर्च्यूनर के साथ एक स्कॉर्पियो ने भी उनका पीछा करना शुरू कर दिया।
गरोठ एक्सचेंज से निकलकर गरोठ-उज्जैन फोरलेन पर बरडिया अमरा गांव के आगे स्कॉर्पियो सवारों ने बोलेरो के आगे वाहन अड़ा दिया। आरोप है कि फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो से उतरे करीब 5-6 लोगों ने मुफद्दल बोहरा और बुरहान के साथ मारपीट की तथा बोलेरो के कांच भी तोड़ दिए। पीड़ितों के अनुसार, आरोपियों ने खुद को पुलिस और नारकोटिक्स विभाग से जुड़ा बताया और जावरा में वाहन नहीं रोकने को लेकर पूछताछ की।
बताया जा रहा है कि हमले से बचने के लिए बुरहान ने बोलेरो को वापस गरोठ की ओर मोड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान गरोठ की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से बोलेरो की टक्कर हो गई। हादसे में बोलेरो का टायर फट गया और वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो सवार लोग सेमली कांकड़ टोल की ओर फरार हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बोलेरो में आठ काले कट्टों में सूखी लाल मिर्च भरी हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि पीछा करने वाले लोगों को वाहन में मिर्च की जगह मादक पदार्थ होने का संदेह हुआ हो। हालांकि, हमलावर वास्तव में पुलिस या नारकोटिक्स विभाग से जुड़े थे या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।
घटना ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और आसपास के मार्गों पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।