गाजीपुर में साइबर क्राइम पुलिस ने फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी फेसबुक पर विदेश में नौकरी के फर्जी विज्ञापन चलाकर लोगों को झांसे में लेते थे और रजिस्ट्रेशन, जॉब ऑफर व टिकट के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 लाख 54 हजार 300 रुपये नकद, 23 सिम कार्ड, 13 एटीएम कार्ड, 10 मोबाइल फोन, कंप्यूटर, लैपटॉप, प्रिंटर और दो लग्जरी कारें बरामद की हैं।
पुलिस के मुताबिक, गिरोह अब तक करीब 15 लाख रुपये की रकम सीएससी खातों के जरिए निकाल चुका था। मामले में आगे की जांच कर ठगी के शिकार लोगों की संख्या का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर नौकरी के विज्ञापनों पर बिना सत्यापन भरोसा न करने और साइबर फ्रॉड होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करने की अपील की है