जिले में स्वतंत्रता दिवस समारोह की सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2, नीमच के मैदान पर आयोजित किया जाएगा।
स्वतंत्रता दिवस समारोह का अंतिम पूर्वाभ्यास (रिहर्सल) गुरुवार को शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 के मैदान पर संपन्न हुआ। जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव एवं एएसपी श्रीमती हेमलता अग्रवाल ने समारोह में होने वाली परेड के अंतिम पूर्वाभ्यास का अवलोकन किया।
पूर्वाभ्यास के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव एवं एएसपी श्रीमती हेमलता अग्रवाल ने जीप पर सवार होकर परेड का निरीक्षण किया तथा विभिन्न परेड टुकड़ियों के कमांडरों से परिचय प्राप्त किया। समारोह में एसएएफ, जिला पुलिस बल पुरुष एवं महिला, वन विभाग, एनसीसी, स्काउट, शौर्या दल एवं होमगार्ड के दल भाग लेंगे। साथ ही जिला पुलिस बैंड एवं सीआरपीएफ बैंड भी अपनी प्रस्तुति देंगे।
पूर्वाभ्यास के दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सामूहिक पीटी प्रदर्शन किया। इसके साथ ही पांच विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।
मुख्य समारोह में 15 अगस्त 2026 को मुख्य अतिथि कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण करेंगे तथा परेड की सलामी लेंगे। समारोह में विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्वतंत्रता दिवस संदेश का भोपाल से सीधा प्रसारण भी किया जाएगा।
अंतिम पूर्वाभ्यास के दौरान एडीएम श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम श्री पराग जैन, डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्रसिंह धार्वे, श्रीमती मयूरी जौक, सुश्री श्रुति भयडि़या सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
#Neemuch
#नीमच