_*सेवा संकल्प अभियान के तहत श्रमिकों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं पंजीयन के लिए विशेष शिविर आयोजित*_
*रायबरेली, 14 अक्टूबर 2026*
सहायक श्रमायुक्त उमेश कुमार ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन के निर्देशानुसार श्रम विभाग एवं चिकित्सा विभाग द्वारा श्रमिकों के हितार्थ संचालित विभिन्न योजनाओं के प्रचार-प्रसार, पंजीयन एवं स्वास्थ्य परीक्षण के लिए राणा बेनी माधव ऑडिटोरियम, रायबरेली में संयुक्त रूप से विशेष शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं कर्मचारी राज्य बीमा निगम के चिकित्साधिकारियों और उनकी टीम द्वारा लगभग 54 श्रमिकों का ब्लड प्रेशर (बीपी), शुगर, बीएमआई सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी परीक्षण किया गया। साथ ही श्रमिकों को बुखार, जुकाम एवं पेट संबंधी रोगों की दवाएं वितरित की गईं तथा 20 श्रमिकों का पंजीयन किया गया।
श्रम प्रवर्तन अधिकारी शिव शंकर पाल ने श्रमिकों को विभाग द्वारा संचालित कन्या विवाह सहायता योजना, संत रविदास शिक्षा प्रोत्साहन योजना, मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना, अटल आवासीय विद्यालय योजना, गंभीर बीमारी सहायता योजना तथा निर्माण कामगार मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता योजना सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने श्रमिकों को पात्रतानुसार योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान योजनाओं से संबंधित पंपलेट भी वितरित किए गए तथा उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित योजनाओं के लिए आवेदन करने हेतु श्रमिकों को जागरूक किया गया।
शिविर में श्रम प्रवर्तन अधिकारी शिव शंकर पाल, शशि सिंह, मान सिंह कुशवाहा, अमर बहादुर मौर्य, कंप्यूटर ऑपरेटर मो. आसिफ खान तथा स्वास्थ्य विभाग से डॉ. रश्मि सिंह, डॉ. अदीबा कमाल, डॉ. विनोद, डॉ. शिवम सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।