डीएवी पब्लिक स्कूल रामपुर में गूंजा देशभक्ति का संदेश
Bushahr Today TV
रामपुर बुशहर। डीएवी पब्लिक स्कूल रामपुर बुशहर में स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डीएसपी नरेश शर्मा उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं और उन्हें अनुशासन, मेहनत, सकारात्मक सोच व अच्छे संस्कारों को जीवन में अपनाना चाहिए। इस दौरान विद्यार्थियों को साइबर अपराध, सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल, सड़क सुरक्षा तथा अन्य सामाजिक अपराधों के प्रति भी जागरूक किया गया। विद्यार्थियों ने विभिन्न सवाल पूछे, जिनका डीएसपी ने सरलता से जवाब दिया।
समारोह के दौरान स्वच्छ भारत अभियान के तहत सफाई अभियान चलाया गया। विद्यार्थियों को देशभक्ति आधारित फिल्में दिखाई गईं तथा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रदर्शित किया गया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. वर्षा सूद ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेने तथा देश की एकता, अखंडता और प्रगति में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।
समारोह का समापन राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेते हुए हुआ।