मुरैना में छात्रों ने किया महिला थाने का शैक्षणिक भ्रमण, पुलिस की कार्यप्रणाली समझी
मुरैना। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक मुरैना धर्मराज मीना के निर्देशन में युवाओं को जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाने के उद्देश्य से “जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद—मैं, मेरे अधिकार और मेरी जिम्मेदारियां” अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत 11 अगस्त को एक्सीलेंस स्कूल, मुरैना के 50 से अधिक छात्र-छात्राओं को महिला थाना मुरैना का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। उपनिरीक्षक राममंत्र गुप्ता एवं उपनिरीक्षक रितु भदौरिया ने विद्यार्थियों को थाने की कार्यप्रणाली, शिकायत दर्ज करने और उसके निराकरण की प्रक्रिया तथा कानून-व्यवस्था में पुलिस की भूमिका के बारे में जानकारी दी।
विद्यार्थियों को बाल एवं महिला सुरक्षा, बाल अधिकार, साइबर अपराध, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, नशे से बचाव और सड़क सुरक्षा को लेकर भी जागरूक किया गया। उन्हें संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी व पासवर्ड साझा नहीं करने तथा सोशल मीडिया पर निजी जानकारी सार्वजनिक करने से बचने की सलाह दी गई।
इस दौरान विद्यार्थियों को डायल-112 सहित आपातकालीन पुलिस सेवाओं की जानकारी दी गई। साथ ही बाल विवाह, बाल श्रम, बाल शोषण और महिलाओं के विरुद्ध अपराधों से संबंधित सामान्य कानूनी जानकारी भी दी गई।
भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं ने पुलिस अधिकारियों से विभिन्न विषयों पर संवाद किया और अपनी जिज्ञासाओं के समाधान प्राप्त किए। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से कानून का पालन करने, नशे से दूर रहने और साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहने के साथ अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों को भी समझने का आह्वान किया।
पुलिस के अनुसार, “जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद” अभियान का उद्देश्य युवाओं को पुलिस की कार्यप्रणाली और कानून की व्यवहारिक जानकारी देकर जागरूक, संवेदनशील एवं जिम्मेदार नागरिक बनाना तथा पुलिस और युवा वर्ग के बीच विश्वास एवं संवाद को मजबूत करना है।
#morena #मुरैना #युवा #छात्र #विद्यालय #स्कूल