स्वतंत्रता दिवस परेड की तैयारियों का एसपी ने लिया जायजा, अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर दिया जोर
मुरैना। आगामी 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य एवं गरिमापूर्ण स्वरूप में आयोजित करने के लिए मुरैना पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार, 11 अगस्त को पुलिस अधीक्षक मुरैना धर्मराज मीना ने स्वतंत्रता दिवस परेड की तैयारियों का निरीक्षण किया।
एसपी ने परेड में शामिल होने वाले जिला पुलिस बल, वन विभाग, विशेष सशस्त्र बल, स्काउट गाइड, एनसीसी एवं एनएसएस कैडेट्स के मार्चपास्ट, परेड ड्रिल, टर्नआउट, अनुशासन, कदमताल और आपसी समन्वय का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने परेड दल के अभ्यास को देखा और आवश्यक सुधारों के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने परेड में अनुशासन, एकरूपता और उत्कृष्ट प्रदर्शन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वतंत्रता दिवस समारोह की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अन्य तैयारियों की भी जानकारी ली।
एसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी की जाएं। आयोजन के दौरान सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और आमजन की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के गौरव, वीरता और राष्ट्रीय एकता का पर्व है। इसलिए समारोह में पुलिस बल की उपस्थिति और परेड की प्रस्तुति उत्कृष्ट, अनुशासित एवं गरिमापूर्ण होनी चाहिए।
#मुरैना #morena #परेड