कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में ली बैठक
---
7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक चलेगा मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान
----
आमजन की शिकायतों के त्वरित निराकरण एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों को सौंपे गए दायित्व
-----
कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने कलेक्टर सभाकक्ष में बैठक ली। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत क्षेत्र भ्रमण, निरीक्षण एवं जन-संवाद के माध्यम से आमजन की शिकायतों के त्वरित निराकरण, शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की मॉनिटरिंग तथा लोक सेवाओं का समय-सीमा में प्रदाय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत प्रत्येक सप्ताह शुक्रवार को विभिन्न विकासखंडों में जनसंवाद, निरीक्षण एवं समस्या निराकरण की गतिविधियां आयोजित होंगी।
कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने अभियान के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक चौधरी को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। इसके साथ ही अभियान के सफल संचालन के लिए विभिन्न अधिकारियों को दायित्व सौंपते हुए आदेश जारी किए हैं।
जिला स्तर पर अपर कलेक्टर श्री संजीव केशव पाण्डेय सहित संयुक्त कलेक्टरों को नोडल अधिकारी बनाया गया है। विकासखंड स्तर पर संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नोडल अधिकारी तथा संबंधित जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। समस्त अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को निरीक्षण रोस्टर बनाए जाने के निर्देश दिए गए हैं। समस्त विभागों को अपनी-अपनी योजनाओं के अंतर्गत लक्ष्य निर्धारित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
अभियान के तहत निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 7 अगस्त को धार, 14 अगस्त को कुक्षी, 21 अगस्त को सरदारपुर, 18 सितंबर को मनावर, 25 सितंबर को धरमपुरी, 9 अक्टूबर को तिरला, 16 अक्टूबर को नालछा, 23 अक्टूबर को डही, 30 अक्टूबर को निसरपुर, 6 नवंबर को बाग, 13 नवंबर को उमरबन, 20 नवंबर को गंधवानी, 27 नवंबर को मुलथान, 4 दिसंबर को धामनोद, 11 दिसंबर को राजोद, 18 दिसंबर को पीथमपुर तथा 8 जनवरी 2027 को मांडव में क्षेत्र भ्रमण, निरीक्षण एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के दौरान समस्त विभागों को निर्देशित किया गया है कि वे अपनी-अपनी योजनाओं के हितग्राहियों को पूर्व से चिन्हित कर शिविरों में उपस्थित कराते हुए उन्हें योजनाओं का लाभ मौके पर ही प्रदान करना सुनिश्चित करें। साथ ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई की लंबित शिकायतों, लोक सेवा गारंटी अधिनियम के प्रकरणों, अविवादित नामांतरण, सीमांकन एवं बंटवारा, न्यायालयीन आदेशों के पालन, किसान फार्मर आईडी, आयुष्मान कार्ड, समग्र आईडी ई-केवाईसी, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, आंगनवाड़ी सेवाओं, स्वास्थ्य संस्थानों, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों, खाद-बीज की उपलब्धता तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली सहित विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इसके अतिरिक्त सड़कों, तालाबों, अमृत सरोवरों, बांधों, जल जीवन मिशन की संरचनाओं, शासकीय भवनों एवं अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों का निरीक्षण किया जाएगा। आईटीआई, मेडिकल कॉलेज, प्राथमिक सहकारी समितियों, तहसीलों, कृषि उपज मंडियों, पुलिस थानों, लोक सेवा केन्द्रों, छात्रावासों, आश्रमों एवं औद्योगिक क्षेत्रों सहित विभिन्न शासकीय संस्थानों का निरीक्षण भी किया जाएगा। खाद-बीज विक्रेताओं, गैस गोदामों, पेट्रोल पंपों, विस्फोटक एवं पटाखा लाइसेंसधारियों, शस्त्र विक्रेताओं तथा निजी विद्यालयों का भी निरीक्षण किया जाएगा। साथ ही कानून-व्यवस्था, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, संबल योजना एवं अन्य हितग्राहीमूलक योजनाओं की समीक्षा कर स्थानीय स्तर पर चिन्हित प्रमुख समस्याओं के निराकरण की कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान अवधि में प्रत्येक जनपद स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया जाए तथा अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी विभाग निर्धारित दायित्वों का समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित करें।
Jansampark Madhya Pradesh