समर फुटबॉल लीग का हुआ शुभारंभ, जूनियर व सीनियर वर्ग की 12 टीमें ले रहीं भागीदारी
धौलपुर। जिला फुटबॉल संघ धौलपुर के तत्वावधान में आयोजित समर फुटबॉल लीग का रविवार को उत्साहपूर्ण माहौल में शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग की 8 तथा सीनियर वर्ग की 4 टीमों सहित कुल 12 टीमें भाग ले रही हैं। लीग के शुभारंभ अवसर पर खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों एवं अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष गुरमीत मान ने बताया कि जिले में फुटबॉल खेल को बढ़ावा देने तथा इसे घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम है, बल्कि युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का भी विकास करता है।
जिला फुटबॉल संघ के सचिव संदीप राना ने बताया कि समर फुटबॉल लीग की विशेषता यह है कि प्रत्येक टीम में बालिकाओं को भी शामिल किया गया है, जिससे खेलों में महिला सहभागिता को बढ़ावा मिलेगा और बेटियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त होगा।
जिला फुटबॉल संघ के कोच असलम खान ने बताया कि उद्घाटन दिवस पर खेले गए मुकाबलों में रॉयल इवेंट्स और डॉलर फुटबॉल क्लब के बीच मुकाबला ड्रॉ रहा। वहीं राघव इलेवन ने सिंगल टेंट को 1-0 से पराजित किया। कीड़ा भारती एवं चंबल-11 के मध्य खेला गया मुकाबला भी बराबरी पर समाप्त हुआ। एक अन्य मैच में खालसा ए फुटबॉल क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खालसा बी फुटबॉल क्लब को 9-1 के बड़े अंतर से पराजित किया।
मुख्य अतिथि संजय अग्रोहा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने और अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं और उन्हें नशे एवं सामाजिक बुराइयों से दूर रखते हैं।
इस अवसर पर धीरज शर्मा, दृष्टि राना एवं मुस्कान परमार ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, अभिभावक एवं फुटबॉल खिलाड़ी उपस्थित रहे।