“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के साथ किसानों के कल्याण का संदेश लेकर पहुंचे श्री महेंद्र सिंह यादव
अपेक्स बैंक (मध्य प्रदेश राज्य सहकारी बैंक मर्यादित, भोपाल) के प्रशासक श्री महेंद्र सिंह यादव ने कहा है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा वर्ष 2026 को “कृषक कल्याण वर्ष” घोषित किया गया है। इस वर्ष किसानों के कल्याण, आर्थिक उन्नति एवं कृषि विकास के लिए शासन द्वारा विशेष प्रयास किए जा रहे हैं तथा किसानों के उत्थान में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
रविवार को मुरैना जिले के प्रवास के दौरान श्री महेंद्र सिंह यादव ने रिठोराकलां, पढ़ावली, कुतवार, अजनौधा, दिमनी, गोठ, बडफरा एवं अंबाह क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न सहकारी संस्थाओं एवं पैक्स समितियों में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लिया तथा बड़ी संख्या में उपस्थित किसानों, जनप्रतिनिधियों एवं सहकारिता कर्मियों से संवाद किया।
भ्रमण के दौरान प्रशासक श्री यादव द्वारा सभी संस्थाओं में किसानों का सम्मान किया गया तथा उनके कृषि एवं सहकारिता क्षेत्र में योगदान की सराहना की गई। उन्होंने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनके सम्मान, समृद्धि एवं सशक्तिकरण के लिए सहकारिता आंदोलन महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने किसानों को सहकारी संस्थाओं एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित मुरैना से जुड़कर विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने का आह्वान किया।
विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में प्रशासक श्री यादव ने विभिन्न संस्थाओं में वृक्षारोपण कर “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान का संदेश दिया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं किसानों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। साथ ही बैंक मुख्यालय एवं पैक्स स्तर पर निर्धारित पौधारोपण लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। श्री यादव ने वर्तमान वैश्विक ऊर्जा संकट का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के “ईंधन बचाओ-ऊर्जा बचाओ” संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने सहकारिता एवं कृषि क्षेत्र से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों से ऊर्जा संरक्षण के प्रति सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की। इसके साथ ही “वोकल फॉर लोकल” अभियान को बढ़ावा देने तथा स्थानीय उत्पादों के उपयोग को प्रोत्साहित करने का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि “हरित सहकार अभियान” पर्यावरण संरक्षण एवं ग्रामीण विकास को नई दिशा प्रदान करेगा। सहकारी संस्थाओं के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं हरित विकास की गतिविधियों को जन आंदोलन का स्वरूप दिया जाना चाहिए।
प्रशासक श्री यादव ने बताया कि प्रदेशभर में 14 अप्रैल 2026 से 30 जून 2026 तक सदस्यता महाअभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत अधिक से अधिक किसानों को सहकारी समितियों का सदस्य बनाने तथा निर्धारित लक्ष्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए। उन्होंने कहा कि सहकारिता आंदोलन को मजबूत बनाने के लिए किसानों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने बी-पैक्स संस्थाओं की वार्षिक आमसभाओं में उत्कृष्ट एवं चयनित सदस्य किसानों को सम्मानित किए जाने का सुझाव देते हुए कहा कि इससे किसानों का मनोबल बढ़ेगा तथा सहकारिता के प्रति उनका विश्वास और अधिक मजबूत होगा।
कार्यक्रम में पूर्व राज्य मंत्री श्री गिर्राज डंडोतिया, समाजसेवी श्री दिनेश शर्मा, श्री ब्रजराज सिंह चौहान, प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री श्यामवीर सिंह गुर्जर सहित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित मुरैना के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
-
#JansamparkMP #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh