पैरालीगल वालेंटियर्स को सीआईएस एवं साइबर सुरक्षा का दिया गया प्रशिक्षण
=============================================================
म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण छिंदवाड़ा श्री सुशांत हुद्दार की प्रमुख उपस्थिति में शुक्रवार को एडीआर भवन, जिला न्यायालय परिसर छिंदवाड़ा में पैरालीगल वालेंटियर्स के लिए सीआईएस एवं साइबर सुरक्षा विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री सुशांत हुद्दार ने महात्मा गांधी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर विशेष न्यायाधीश श्री सुधीर मिश्रा, जिला न्यायाधीश श्री प्रेमपाल सिंह ठाकुर, श्रीमती तृप्ति पाण्डेय, श्री संकर्षण प्रसाद पाण्डेय, श्री अभिषेक नागराज, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री विपेन्द्र सिंह यादव सहित अन्य न्यायाधीशगण उपस्थित थे।
प्रशिक्षण के दौरान सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री राकेश सिंह ने पैरालीगल वालेंटियर्स को संबोधित करते हुए वर्तमान समय में साइबर जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला। जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री सोमनाथ राय ने डिजिटल न्याय वितरण में पैरालीगल वालेंटियर्स की भूमिका की जानकारी दी।
जूनियर सिस्टम एनालिस्ट श्री अमित बावने ने सीआईएस सॉफ्टवेयर, जबकि जिला सिस्टम एनालिस्ट श्री विजय शेरके ने ई-फाइलिंग, ई-पे, समंस, ई-कोर्ट सर्विसेस, केस स्टेटस एवं कॉज लिस्ट से संबंधित जानकारी प्रदान की। प्रशिक्षण में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया आरएसीटी के डायरेक्टर श्री अरविंद कुमार, फैकल्टी श्री मिलन मालवीय एवं साइबर सेल पुलिस छिंदवाड़ा के श्री मोहित चंद्रवंशी ने साइबर ठगी के विभिन्न प्रकार, उनसे बचाव के उपाय तथा साइबर हेल्पलाइन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी विस्तार से दी। कार्यक्रम के अंत में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री राकेश सिंह ने उपस्थित सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
83 views | Chhindwara, Madhya Pradesh | Jul 24, 2026