बाल अधिकार, संरक्षण और साइबर सुरक्षा के प्रति छात्राओं को किया जागरूक
न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह के तहत कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित, हेल्पलाइन नंबर 15100 की दी जानकारी
डिंडौरी राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार जिले में 14 से 20 नवंबर तक न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह 2026 के तहत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बाल दिवस के अवसर पर डिंडौरी स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित कर छात्राओं को बाल अधिकार, संरक्षण और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
जिला प्रधान न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष श्रीमती शशिकांता वैश्य के मार्गदर्शन तथा प्राधिकरण के सचिव श्री पवन कुमार पटेल के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में जिला विधिक सहायता अधिकारी श्रीमती दीपिका तारन ने छात्राओं को विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।
उन्होंने किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 और लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (POCSO Act) के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही व्यक्तिगत सुरक्षा, बाल शोषण और उत्पीड़न से जुड़े कानूनी अधिकारों की जानकारी देते हुए छात्राओं को किसी भी अप्रिय स्थिति में बिना भय के शिकायत करने के लिए प्रेरित किया।
श्रीमती तारन ने इंटरनेट और सोशल मीडिया का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की समझाइश देते हुए साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की बात कही। उन्होंने छात्राओं को बताया कि जरूरत पड़ने पर निःशुल्क विधिक सहायता और परामर्श प्राप्त किया जा सकता है। इसके लिए विधिक सहायता हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में छात्रावास का स्टाफ एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण डिंडौरी के कर्मचारी उपस्थित रहे। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर सुरक्षित वातावरण और कानूनी संरक्षण के प्रति जानकारी उपलब्ध कराना है।
#NyayUtsav2026 #LegalAwareness #ChildRights #ChildProtection #CyberSafety #POCSOAct #बालअधिकार #बालसंरक्षण #साइबरसुरक्षा #विधिकसेवा #Dindori #MadhyaPradesh #HALCHAL24NEWS
Dindori, Dindori | Nov 14, 2026