कानपुर | चौबेपुर में युवक से मारपीट और 50 हजार रुपये लूटने का आरोप
चौबेपुर थाना क्षेत्र के रौतापुर निवासी विशाल तिवारी ने गांव के ही पांच लोगों पर मारपीट, कार में तोड़फोड़ और 50 हजार रुपये लूटने का गंभीर आरोप लगाया है।
पीड़ित के मुताबिक, वह निजी काम से कार लेकर जा रहे थे, तभी सहज्योरा के पास आरोपियों ने मोटरसाइकिल से उनकी गाड़ी घेरकर रोक लिया। विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट की गई। आरोप है कि धारदार हथियार से सिर पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। कार में रखे जरूरी दस्तावेज और 50 हजार रुपये भी ले जाने का आरोप है।
परिजनों ने घायल विशाल को अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित ने जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
बताया जा रहा है कि हाल ही में आरोपितों का गंगा बैराज पर कार से स्टंट करने का वीडियो भी वायरल हुआ था।
फिलहाल पुलिस की कार्रवाई का इंतजार है। मामले में आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।